Khan Sir Coaching Fire: पटना के खान ग्लोबल स्टडीज में लगी आग, मची अफरा-तफरी, सभी छात्र सुरक्षित

Khan Sir Coaching Fire: पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर में गुरुवार शाम आग लग गई। आग पर जल्दी काबू पा लिया गया और सभी छात्र सुरक्षित बाहर निकाले गए।

 Khan Sir Coaching Fire

Khan Sir Coaching Fire: पटना में गुरुवार (25 जून 2026) की शाम एक बड़ी आग लगने की घटना सामने आई। यह आग पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज के कोचिंग सेंटर में लगी। आग लगने के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कोचिंग सेंटर के बाहर भारी संख्या में छात्र दिखाई दे रहे हैं। पूरे परिसर में धुआं फैल गया था, जिससे छात्रों और आसपास मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया।

शुरुआती जानकारी के अनुसार आग कैसे लगी, इसका अभी साफ कारण सामने नहीं आया है। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है, लेकिन असली वजह जांच के बाद ही पता चलेगी। घटना के समय कोचिंग के अंदर कितने छात्र मौजूद थे और कौन सा बैच चल रहा था, इस बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।

आग कोचिंग सेंटर के बाहर लगी थी

यह पूरी घटना कदमकुआं थाना क्षेत्र की है। खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर किसान कोल्ड स्टोरेज कैंपस के अंदर संचालित होता है। यह कोचिंग सेंटर पिछले कुछ दिनों से चर्चा में भी बना हुआ है। इसी कैंपस के पास रौशन आनंद का ज्ञान बिंदु कोचिंग भी स्थित है। बताया जा रहा है कि आग कोचिंग सेंटर के बाहर लगी थी। राहत की बात यह रही कि आग पर बहुत जल्दी काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। अगर आग तेजी से फैलती, तो स्थिति काफी गंभीर हो सकती थी।

कई बार नोटिस दिया गया था

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक आग कोचिंग सेंटर के बाहर लगे बोर्ड में लगी थी। यह भी बताया गया कि खान ग्लोबल स्टडीज को पहले भी फायर सेफ्टी मानकों को लेकर अग्निशमन विभाग की ओर से कई बार नोटिस दिया गया था। विभाग की तरफ से कहा गया था कि संस्थान में आग से सुरक्षा के जरूरी इंतजाम पूरे नहीं हैं।

क्लासरूम में मौजूद छात्र सुरक्षित

चश्मदीदों ने बताया कि घटना के समय किसान कोल्ड स्टोरेज कैंपस में काफी संख्या में छात्र मौजूद थे। कोचिंग सेंटर के बिल्कुल पास बिजली का पैनल भी लगा हुआ था। जैसे ही धुआं उठता दिखा, पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। छात्रों में कुछ देर के लिए घबराहट फैल गई। हालांकि, कोचिंग प्रबंधन ने तुरंत स्थिति संभाली। क्लासरूम में मौजूद सभी छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अच्छी बात यह रही कि इस घटना में किसी छात्र, शिक्षक या स्टाफ को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। यह पता लगाया जा रहा है कि आग किस वजह से लगी और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई। खबर लिखे जाने तक इस मामले में कोचिंग प्रबंधन या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।