Bihar Land News: बिहार में भूमि खरीद-बिक्री को लेकर 15 मई लागू होगा नया नियम, जमीन मालिकों को मिलेगी राहत या बढ़ेगी परेशानी, जानिए

Bihar Land News: जमीन की खरीद-बिक्री को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू होने जा रही है। अब खरीदारों को रजिस्ट्री से पहले ही जमीन की सरकारी जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाएगी,जिससे फर्जीवाड़े और विवादों पर लगाम लगने की उम्मीद है।

15 मई से नया नियम!- फोटो : News4Nation

Bihar Land News: बिहार के बांका जिले में जमीन की खरीद-बिक्री के दौरान होने वाले फर्जीवाड़े और विवादों पर रोक लगाने के लिए सरकार ने अहम कदम उठाया है। अब जमीन खरीदने से पहले खरीदारों को संबंधित भूखंड की सरकारी जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाएगी। यह नई व्यवस्था 15 मई से लागू होगी। जिससे जमीन सौदों में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है। नई व्यवस्था के लागू होने से जमीन मालिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

ऑनलाइन करना होगा आवेदन 

नई प्रणाली के तहत जमीन खरीदने के इच्छुक व्यक्ति को ई-निबंधन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान खाता संख्या, खेसरा संख्या, रकबा, चौहद्दी, जमाबंदी संख्या और विक्रेता का नाम जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां देना अनिवार्य होगा। इन सूचनाओं के आधार पर संबंधित अंचल कार्यालय द्वारा जमीन की विस्तृत जांच की जाएगी।

10 दिनों में जारी होगी रिपोर्ट

सरकार ने प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने के लिए निर्देश दिया है कि अंचलाधिकारी आवेदन मिलने के 10 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट जारी करेंगे। इस रिपोर्ट में जमीन की प्रकृति (निजी या सरकारी), किसी प्रकार का विवाद, दस्तावेजों की वैधता और विक्रेता के दावे की पुष्टि की जाएगी। इस व्यवस्था से खरीदारों को रजिस्ट्री से पहले ही जमीन की वास्तविक स्थिति की पूरी जानकारी मिल सकेगी। इससे फर्जी दस्तावेजों के आधार पर होने वाली खरीद-बिक्री पर रोक लगेगी और भविष्य में कानूनी विवादों में कमी आएगी।

अधिकारियों की जवाबदेही तय

यदि निर्धारित समयसीमा में रिपोर्ट जारी नहीं होती है, तो पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर खरीदार आगे की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। हालांकि, ऐसी स्थिति में संबंधित अंचलाधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। जिला अवर निबंधक पदाधिकारी हेमंत कुमार ने बताया कि इस पहल से आम लोगों को राहत मिलेगी और जमीन खरीद-बिक्री की प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और सरल बनेगी।