Bihar News : 'खान सर' की बढ़ीं मुश्किलें, निखिल सर ने थाने में दर्ज कराई शिकायत, कोचिंग हड़पने का लगाया आरोप
Bihar News : फैसल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें कम नही हो रही है. लगातार फैसल खान से पीड़ित सामने आ रहे है. इसी कड़ी में निखिल सर ने उनपर गंभीर आरोप लगाये हैं.....पढ़िए आगे
PATNA : चर्चित कोचिंग संचालक फैजल खान उर्फ 'खान सर' की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। यूपी की महिला द्वारा पीरबहोर थाने में आवेदन दिए जाने के बाद अब कोचिंग संचालक और शिक्षक निखिल सर ने खान सर पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। निखिल सर ने सुल्तानगंज थाने में आवेदन देकर अपनी जान बचाने की गुहार लगाई है।
2017 में दिया था कोचिंग में काम, अब हड़पने का आरोप
मीडिया के सामने बयान देते हुए शिक्षक निखिल सर ने कहा कि उन्होंने साल 2017 में फैजल खान (खान सर) को अपने कोचिंग संस्थान में पढ़ाने का काम दिया था। उनका आरोप है कि काम करने के दौरान खान सर ने धीरे-धीरे उनके ही कोचिंग संस्थान को हड़पने की साजिश रची और उस पर कब्जा करने का प्रयास किया।
'खान सर से पीड़ित कई और लोग आएंगे सामने'
निखिल सर ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि फैजल खान से पीड़ित वे अकेले व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि ऐसे और भी कई पीड़ित हैं जो आने वाले दिनों में खुलकर सामने आएंगे। उन्होंने इशारा किया कि आने वाले समय में खान सर के खिलाफ और भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
न्याय के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे निखिल सर
सुल्तानगंज थाने में पुलिस को लिखित शिकायत सौंपने के साथ ही निखिल सर ने स्पष्ट किया है कि वे इस मामले को यहीं नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि खान सर के खिलाफ कानूनी लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने के लिए वे जल्द ही कोर्ट का रुख करेंगे और अदालत से न्याय की गुहार लगाएंगे।
नरोत्तम की रिपोर्ट