Bihar News : पटना में हैप्पी राज हत्याकांड का आरोपी बिट्टू 1 महीने बाद भी फरार, पीड़ित परिजनों ने की गिरफ़्तारी की मांग
Bihar News : नौबतपुर में हैप्पी राज हत्याकांड का आरोपी बिट्टू घटना के एक महीने बाद पुलिस की फाइलों में फरार है......पढ़िए आगे
PATNA : जिले के गोनवां ओपी थाना क्षेत्र के नरेंद्र रामपुर गांव निवासी बबन राय के घर में आज भी सन्नाटा और खौफ का साया है। उनके जवान बेटे हैप्पी राज की हत्या को पूरा एक महीना बीत चुका है, लेकिन पीड़ित परिवार को अब तक इंसाफ का इंतजार है। घटना के महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहवाही लूटने वाली नौबतपुर पुलिस की गिरफ्त से मामले का आरोपी बिट्टू आज भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस फाइलों में फरार आरोपी के खुलेआम घूमने से पीड़ित परिवार लगातार दहशत के साए में जीने को मजबूर है। हालाँकि मुख्य आरोपी सुनील यादव ने दस दिन पहले ही कोर्ट में सरेंडर कर दिया है।
पुलिस के दावे हवा-हवाई, परिजनों का बढ़ा दर्द
एक तरफ जहां सीने में जवान बेटे को खोने का असह्य गम है, वहीं दूसरी तरफ खुलेआम घूम रहे आरोपी का डर परिवार को सता रहा है। पुलिस द्वारा विशेष टीमों के गठन और लगातार छापेमारी के बड़े-बड़े दावों के बावजूद आरोपी तक हाथ न पहुंच पाना पुलिसिया कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। रो-रोकर बेहाल परिजनों की आंखों के आंसू सूख चुके हैं और उनका दर्द हर बीतते दिन के साथ गहराता जा रहा है।
कानून की चौखट पर सवाल उठाता बेबस परिवार
बेबस मां-बाप अब कानून और व्यवस्था से एक ही सवाल पूछ रहे हैं कि क्या पुलिस के हाथ इतने छोटे हो गए हैं कि वे उनके बेटे के कातिल को गिरफ्तार नहीं कर पा रहे? परिजनों का कहना है कि शुरुआती गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई सुस्त पड़ गई है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
त्वरित गिरफ्तारी और इंसाफ की गुहार
इंसाफ की आस लगाए पीड़ित परिवार अब भी पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों से आरोपी बिट्टू की त्वरित गिरफ्तारी की गुहार लगा रहा है। परिवार का कहना है कि जब तक आरोपी सलाखों के पीछे नहीं पहुंचता, तब तक उनके परिवार को न तो सुरक्षा का अहसास होगा और न ही उनके दिवंगत बेटे की आत्मा को शांति मिलेगी।
सुमित की रिपोर्ट