सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण में नहीं आए निशांत, बिहार में बड़ा खेला, डिप्टी सीएम विजेंद्र यादव खूब गरजे

शपथ समारोह में सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री और विजय चौधरी तथा विजेंद्र यादव ने मंत्री के रूप में शपथ ली जो राज्य में उप मुख्यमंत्री बने हैं. वहीं इस सबसे बड़े पॉलिटिकल इवेंट से निशांत ने दूरी बना ली.

Nishant- फोटो : news4nation

Samrat Chaudhary : सम्राट चौधरी ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इसके साथ ही पिछले एक महीने से ज्यादा से चल रहा सियासी उथल पुथल का दौर थम गया लेकिन बिहार की सियासत में एक और नई चर्चा ने जन्म ले लिया. नीतीश कुमार के सीएम की कुर्सी छोड़ने और राज्यसभा जाने के फैसले के बाद उनके बेटे निशांत को बड़े धूमधाम से जदयू में शामिल कराया गया था. यहां तक कि उन्हें लेकर मुख्यमंत्री बनाने की मांग भी कई जदयू नेताओं ने की. हालांकि उन्होंने बिहार सरकार में किसी पद को नहीं लिया है. लेकिन पिछले एक महीने से कई कार्यक्रमों से सक्रिय निशांत ने नई सरकार के शपथ ग्रहण से दूरी बना ली. 


लोकभवन में आयोजित शपथ समारोह में सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री और विजय चौधरी तथा विजेंद्र यादव ने मंत्री के रूप में शपथ ली जो राज्य में उप मुख्यमंत्री बने हैं. ऐसे में बिहार के इस सबसे बड़े पॉलिटिकल इवेंट से निशांत ने दूरी बना ली. निशांत न तो लोक भवन में दिखे और ना ही वे सीएम या डिप्टी सीएम से मिले हैं. निशांत का इस सबसे बड़े सियासी कार्यक्रम से दूर होना कई प्रकार की क्यासबजियों को जन्म दे रहा है.


वहीं उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण समारोह में JDU नेता निशांत कुमार की अनुपस्थिति पर कहा कि उनको खुद निर्णय लेना है कि वे राजनीति में आएंगे या नहीं. उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी और संगठन के लिए काम करना चाहिए. वे सरकार में आएं यह हमलोग की इच्छा है. लेकिन वे आज के कार्यक्रम में क्यों नहीं आये वही जानते हैं. हमलोग उनका सक्रिय राजनीति में आने का स्वागत करते हैं. वहीं सम्राट के राजद की लालू की पाठशाला से निकलने के तेजस्वी यादव के बयान पर भी विजेंद्र ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और कहा कि वे भी जनता दल की पाठशाला से ही निकले हैं. 


नीतीश ने दी बधाई 

वहीं सम्राट के सीएम बनने पर नीतीश कुमार ने खास संदेश के साथ उन्हें बधाई दी है. अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से नीतीश कुमार ने कहा, 'आज बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर श्री सम्राट चौधरी जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।


सम्राट की बड़ी बैठक 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शपथ ग्रहण के पश्चात बुधवार को मुख्य सचिवालय स्थित सभागार में राज्य के वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने कुछ फाइलों पर हस्ताक्षर किया. साथ ही वरीय अधिकारियों के साथ उन्होंने महत्वपूर्ण बैठक की. इसके पहले राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने बुधवार को लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में सम्राट को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.


पहली बार भाजपा सरकार 

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, सहित एनडीए के घटक दलों के कई शीर्ष नेता इस दौरान मौजूद रहे. सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बने हैं. वहीं बिहार में पहली बार भाजपा सरकार बनी है जिसके मुखिया अब सम्राट चौधरी हैं. वहीं विजय चौधरी और विजेंद्र यादव को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है. दोनों ही अब नई सरकार में उप मुख्यमंत्री होंगे.