RCB vs LSG: लखनऊ में RCB का जलवा! गेंदबाजों ने दिलाई जीत, विराट छाए

RCB vs LSG: आईपीएल 2026 में आरसीबी ने लखनऊ को 5 विकेट से हरा दिया। विराट कोहली की शानदार पारी, टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंची।

RCB vs LSG
लखनऊ फतह कर RCB नंबर-1- फोटो : social media

RCB vs LSG: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के 23वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर बड़ी जीत दर्ज की। यह मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया, जहां आरसीबी ने 5 विकेट से जीत हासिल की। खास बात यह रही कि इस मैदान पर लखनऊ के खिलाफ बेंगलुरु की यह पहली जीत है। इस जीत के साथ रजत पाटीदार की कप्तानी वाली टीम पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गई है।

मैच में बेंगलुरु के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। रसिख सलाम ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट हासिल किए। इनके दमदार गेंदबाजी के चलते लखनऊ की टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी।

बेंगलुरु ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया

टॉस जीतकर बेंगलुरु ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम 20 ओवर में 146 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से मिचेल मार्श ने सबसे ज्यादा 40 रन बनाए। उन्होंने 32 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्के लगाए। इसके अलावा मुकुल चौधरी ने 39 रन और आयुष बडोनी ने 38 रन की पारी खेली। बाकी बल्लेबाज ज्यादा योगदान नहीं दे सके और 11 में से 7 खिलाड़ी 10 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए। बेंगलुरु की तरफ से क्रुणाल पांड्या ने 2 विकेट और जोश हेजलवुड ने 1 विकेट लिया।

विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की

147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु की टीम ने यह मैच 5 विकेट रहते जीत लिया। इस दौरान विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 34 गेंदों में 49 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। यह पहली बार था जब कोहली आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान पर उतरे। साथ ही, यह उनके आईपीएल करियर का पहला मौका था जब वह 49 रन पर आउट हुए। कोहली की इस पारी के साथ उन्होंने ऑरेंज कैप भी हासिल कर ली है। अब तक खेले गए 5 मैचों की 5 पारियों में वह 228 रन बना चुके हैं और शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।