जेडीयू में एक्टिव हुए निशांत कुमार, प्रवक्ताओं के साथ बैठक कर तय की बड़ी रणनीति

Nishant meeting with JDU spokespersons- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार अब जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने पार्टी के प्रवक्ताओं की एक अहम बैठक बुलाई, जिसमें संगठन और सरकार से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस बैठक में जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। 


सूत्रों के अनुसार, बैठक में इस बात पर मंथन हुआ कि पार्टी और सरकार की नीतियों को मीडिया और जनता के बीच किस तरह प्रभावी ढंग से रखा जाए। बताया जा रहा है कि निशांत कुमार ने पार्टी की संवाद रणनीति को मजबूत करने पर जोर दिया और प्रवक्ताओं को एकजुट होकर पार्टी लाइन पर बोलने की सलाह दी। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब बिहार में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदले हैं और सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नई सरकार काम कर रही है।


गौरतलब है कि निशांत कुमार पिछले महीने ही औपचारिक रूप से जेडीयू में शामिल हुए हैं। फिलहाल वे सरकार में शामिल नहीं हैं, लेकिन पार्टी संगठन में उनकी सक्रियता लगातार बढ़ रही है। सूत्रों के मुताबिक, वे इसी महीने से बिहार के विभिन्न जिलों का दौरा भी शुरू कर सकते हैं।


राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद जेडीयू अब नए चेहरे के तौर पर निशांत कुमार को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। प्रवक्ताओं के साथ यह बैठक उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

अभिजीत की रिपोर्ट