सेवानिवृत रेलकर्मी से दो लाख रुपए की लूट, बाइक सवार अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम
Jamuai : जिले में अपराधियों के हौसले काफी बुलंद हो गए है। उन्हें पुलिस और कानून का कोई भय नहीं रह गया है। अपराधी दिन-दहाड़े लूट और छिनतई की घटना को अंजाम देकर आराम से चलते बन रहे है। ताजा मामला जिले झाझा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां अपराधियों ने थाने से महज चंद कदम की दूरी पर लूट की घटना को अंजाम दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार झाझा थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से दो लाख रुपए निकालकर अपने घर संसारपुर जा रहे सेवानिवृत रेलकर्मी विशुनदेव यादव से बाइक सवार अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया।
पीड़ित ने बताया कि दोपहर करीब 2 :30 बजे जब वह स्टेट बैंक से रुपए निकालकर जा रहे थे, इस दौरान झाझा बस स्टैंड के पास पहले एक युवक ने उसे सामने से रोकने का प्रयास किया। जब वो निकलते बने तो झाझा के एकडारा के पास बाइक पर सवार तीन युवक अचानक उसकी साइकिल में धक्का देकर उसे गिरा दिया और थैला में रखे दो लाख रुपए को लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलने के बाद झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार,थानाध्यक्ष लाल बहादुर सिंह एवं डीआईयू की टीम घटनास्थल व बैंक पहुंचकर मामले की जांच की है। वहीं पुलिस सीसीटीवी कैमरे को भी खंगालने में जुट गई है।
इधर पीड़ित ने बताया कि वह अपनी पोती के विवाह के लिए रुपए निकालकर घर जा रहे थे इस बीच घात लगाए अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया।
जमुई से कुमार हर्ष