मंत्री बनने के पहले नीतीश कुमार का पांव छूकर निशांत ने लिया आशीर्वाद, बिहार के बनेंगे 'उप मुख्यमंत्री'
नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने बिहार मंत्रिमंडल का सदस्य बनने के पहले अपने पिता का आशीर्वाद लिया और अब वे राज्य के आगे उप मुख्यमंत्री हो सकते हैं.
Nishat : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार गुरुवार को बिहार मंत्रिमंडल विस्तार में मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह से पहले निशांत कुमार ने अपने पिता नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे। निशांत ने दोनों का पांव छूकर आशीर्वाद लिया। यह तस्वीर सामने आते ही बिहार की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि वे बिहार में उप मुख्यमंत्री के रूप में सेवा देंगे।
निशांत लंबे समय तक राजनीति और सार्वजनिक जीवन से दूरी बनाए रखने के लिए जाने जाते रहे हैं। वे नीतीश कुमार और मंजू सिन्हा के इकलौते पुत्र हैं। शुरुआती शिक्षा पटना में हुई, जिसके बाद उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। बताया जाता है कि उन्होंने BIT मेसरा से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ समय तक निजी जीवन में रहकर तकनीकी और सामाजिक विषयों में रुचि दिखाई।
हालांकि वे हमेशा राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में रहे, लेकिन लंबे समय तक उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी। जदयू के कार्यक्रमों और सरकारी आयोजनों में उनकी मौजूदगी बहुत कम देखने को मिलती थी। पिछले कुछ वर्षों में वे धीरे-धीरे सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आने लगे। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी सक्रियता बढ़ी, जिससे उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें तेज हुईं। अब मंत्रिमंडल में शामिल होकर निशांत कुमार औपचारिक रूप से सक्रिय राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं। राजनीतिक जानकार इसे जदयू में नई पीढ़ी की एंट्री और भविष्य की रणनीति के तौर पर देख रहे हैं। माना जा रहा है कि उनकी ताजपोशी से पार्टी संगठन और युवा वर्ग को साधने की कोशिश की जाएगी।
31 को मंत्री पद की शपथ
सूत्रों के अनुसार, NDA सरकार में शामिल होने वाले मंत्रियों को शपथ ग्रहण के लिए फोन जाने शुरू हो गए हैं। बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी(आर) और HAM के कोटे से कुल 31 विधायकों को मंत्री पद की शपथ लेने की सूचना दी गई है। बताया जा रहा है कि सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड से 16-16 मंत्री शपथ ले सकते हैं। वहीं मंत्रिमंडल विस्तार में मंगल पांडेय का टिकट कट गया है।
बीजेपी से चेहरे
संभावित मंत्रियों की सूची में बीजेपी से बनने वाले मंत्रियों में राम कृपाल यादव, केदार गुप्ता, नीतीश मिश्रा, मिथलेश तिवारी, रमा निषाद , विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, प्रमोद चंद्रवंशी, लखविंदर पासवान, संजय टाइगर, इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र, श्रेयसी सिंह, नंद किशोर राम, रामचंद्र प्रसाद और अरुण शंकर प्रसाद का नाम शामिल है।
जदयू के मंत्री
वहीं JDU से बनने वाले मंत्री में निशांत कुमार, श्रवण कुमार, मदन सहनी, लेसी सिंह, श्वेता गुप्ता, भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत, बुलो मंडल, सुनील कुमार, शीला मंडल, रत्नेश सदा, जमा खान और अशोक चौधरी के नाम शामिल हैं। इसी तरह LJP(RV) के संजय पासवान, संजय सिंह मंत्री बनेंगे जबकि HAM के मंत्री संतोष सुमन होंगे और RLM के मंत्री दीपक प्रकाश होंगे।