Bihar Politics: नितिन नवीन ने MLA पद से दिया इस्तीफा, सोशल मीडिया पर किया भावुक पोस्ट, सीएम नीतीश के करेंगे रिजाइन

नितिन नवीन ने सौंपा इस्तीफा - फोटो : social media

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में आज बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देंगे, वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी विधायक पद से इस्तीफा देंगे। मिली जानकारी अनुसार नितिन नवीन ने एमएलए पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी विधानसभा अध्यक्ष को सौंपेंगे। वहीं नितिन नवीन ने अपने सोशल मीडिया पर ट्विट कर इस्तीफे के बाद भावुक पोस्ट किया है। 

नितिन नवीन के इस्तीफे पर सस्पेंस खत्म

बता दें कि, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने स्पष्ट किया है कि नितिन नवीन का इस्तीफा आज दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अपरिहार्य कारणों से रविवार को इस्तीफा नहीं हो पाया था। संजय सरावगी के अनुसार, नितिन नवीन ने अपना इस्तीफा पत्र उन्हें सौंप दिया है, जिसे आज विधानसभा अध्यक्ष को दिया जाएगा। नितिन नवीन ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने बांकीपुर विधानसभा सीट से इस्तीफा देने की जानकारी दी है।

सीएम नीतीश का इस्तीफा 

जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार विधान परिषद नहीं जाएंगे। फिलहाल सीएम हाउस में जेडीयू के कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं, जिनमें ललन सिंह, संजय झा और विजय चौधरी शामिल हैं। इसके अलावा मंत्री अशोक चौधरी भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे हैं। जानकारी अनुसार मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री का एमएलसी से इस्तीफा लेकर संजय गांधी विधान परिषद पहुंचे हैं। साथ में विजय चौधरी भी मौजूद हैं। 

नितिन नवीन का ट्विट

वहीं नितिन नवीन से सोशल मीडिया पर ट्विट कर लिखा कि,"बांकीपुर और बिहार के मेरे सभी परिवारजन एवं कार्यकर्ता साथी, जनवरी 2006 में पिताजी के आकस्मिक निधन के बाद पार्टी ने मुझे पटना पश्चिम से उपचुनाव लड़ने का अवसर दिया और दिनांक 27 अप्रैल 2006 को मैं पहली बार पटना पश्चिम क्षेत्र से निर्वाचित होकर सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। पिछले 20 वर्षों में पिताजी, स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा द्वारा बनाए गए इस क्षेत्र को पारिवारिक भाव से सींचने, संवारने और विकास के पटल पर आगे ले जाने का निरंतर प्रयास किया है।

5 बार मिला प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य 

उन्होंने आगे लिखा कि, मैंने सदैव अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य किया । इसी का प्रतिफल है कि यहाँ की देवतुल्य जनता ने मुझे लगातार 5 बार सदन में अपना प्रतिनिधि चुनकर सेवा का सौभाग्य प्रदान किया। सदन के अंदर हो या सदन के बाहर, दोनों ही स्थानों का उपयोग मैंने अपने क्षेत्र और बिहार की जनता की आवाज़ उठाने और उनकी समस्याओं के समाधान का मार्ग निकालने के लिए किया। बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में मुझे सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ विधायकों से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। मैंने अपने क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण विषयों का समाधान जनता और कार्यकर्ताओं के सुझावों से ही निकाला है।

जनता कार्यकर्ताओं को कहा धन्यवाद 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में पार्टी ने जब मुझे बिहार सरकार के मंत्री के रूप में काम करने का अवसर दिया, तब मुझे कई अहम फैसलों, नीतियों और योजनाओं का क्रियान्वयन करने में सफलता मिली। इसके लिए मैं माननीय मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद व्यक्त करता हूँ। मैंने यह हमेशा कहा है कि जनता ने मुझे समस्याएँ भी बताई, और उन समस्याओं के समाधान का रास्ता भी मुझे जनता ने हीं दिखाया। कार्यकर्ताओं ने मुझे भाई के रूप में, परिवार के सदस्य के रूप में और अभिभावक के रूप में अंगुली पकड़कर आज इस मुकाम तक पहुँचाया है।

बिहार की जनका को किया आश्वस्त 

मैं पटना और बिहार की जनता को आश्वस्त करता हूँ कि जो परिवार का भाव उन्होंने मुझे दिया है, उसका मैं सदैव सम्मान करता रहूँगा। आज मैं बिहार विधानसभा के बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य पद से इस्तीफा दे रहा हूँ। पार्टी ने मुझे जो नई भूमिका दी है, उसके माध्यम से भी मैं अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए सदैव तत्पर एवं संकल्पित रहूँगा। मेरे कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता के साथ मेरा जो अटूट संबंध है, वह सदैव बना रहेगा और मुझे हमेशा नई ऊर्जा, प्रेरणा और मार्गदर्शन देता रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में 2047 के विकसित भारत एवं विकसित बिहार बनाने के सपने को साकार करने की दिशा में मैं निरंतर प्रयासरत रहूँगा।  नमन् बाँकीपुर!! जय बिहार !!