Nitin navin road show - नितिन नवीन की हुंकार: ‘पंचायत से पार्लियामेंट तक लहराएगा भगवा, राहुल-तेजस्वी केवल 'पार्ट-टाइम' राजनेता’

Nitin navin road show - नितिन नवीन ने पटना में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने बिहार के विकास और 1 करोड़ रोजगार का संकल्प दोहराया।

Patna - पटना में आयोजित ऐतिहासिक कार्यक्रम के दौरान नितिन नवीन ने कहा कि वह स्वागत से अत्यंत अभिभूत और ऋणी हैं। उन्होंने भावुक होते हुए अपने पिता को याद किया और कहा कि भाजपा एक बहुत बड़ा परिवार है जहाँ हर कार्यकर्ता परिवार के सदस्य की तरह है। उन्होंने भाजपा की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि राजनीति में कोई 'शॉर्टकट' नहीं होता; भाजपा ही वह शक्ति है जो एक कार्यकर्ता को धूल से उठाकर शीर्ष तक पहुंचा सकती है।

विपक्ष पर तीखा प्रहार

नितिन नवीन ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी को 'पार्ट-टाइम पॉलिटिशियन' करार देते हुए कहा कि जब बिहार की जनता ने वोट की चोट दी, तो वह जर्मनी चले गए। वहीं तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि जिन्हें जब भी मौका मिलता है, वे विदेश घूमने निकल जाते हैं।

जीत का संदेश

 बिहार से बंगाल और तमिलनाडु तक उन्होंने इस प्रचंड जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व को दिया। नितिन नवीन ने कहा, "यह जीत केवल बिहार तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यहाँ से बंगाल और तमिलनाडु तक जाएगी; हर जगह भगवा लहराएगा।" उनका संकल्प है कि अब पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भाजपा का परचम बुलंद होगा और सामान्य कार्यकर्ता ही भविष्य का बड़ा नेता बनेगा।

जनता की अपेक्षाएं और रोजगार का संकल्प

जनता द्वारा दिए गए मत के प्रति जिम्मेदारी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बिहार में एक करोड़ रोजगार सृजित करने के लक्ष्य पर विशेष बल दिया। नितिन नवीन ने स्पष्ट किया कि वे चाहे किसी भी पद पर रहें, पटना और बांकीपुर की जनता के प्यार को कभी नहीं भूल सकते।

संगठनात्मक शक्ति का उद्घोष

भाजपा की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता स्वयं में 'राष्ट्रीय अध्यक्ष' की क्षमता रखता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे पार्टी के विकास और बिहार की प्रगति के लिए सदैव तत्पर और अग्रणी रहेंगे।

report - narrotam kumar