Bihar Politics : सारण से दो हज़ार कार्यकर्ताओं के साथ पटना पहुंचे एमएलसी सच्चिदानंद राय, बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का किया स्वागत, कहा-उत्साहित हैं बिहारवासी
Bihar Politics : बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत के लिए एमएलसी सच्चिदानंद राय पटना पहुंचे. कहा की नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी मुकाम हासिल करेगी.....पढ़िए आगे
PATNA : बिहार के लाल का भव्य स्वागत भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन के पटना आगमन पर खुशी जाहिर करते हुए एमएलसी सच्चिदानंद राय ने कहा कि "बिहार की धरती के लाल" का राष्ट्रीय अध्यक्ष (कार्यकारी) बनने के बाद पहली बार पाटलिपुत्र में आगमन हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक पल को लेकर न केवल भाजपा कार्यकर्ता, बल्कि तमाम बिहारवासी अत्यंत उत्साहित हैं। एमएलसी सच्चिदानंद राय ने कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन युवा और अनुभवी है। पांच बार से जनता के चुने हुए प्रतिनिधि रहे हैं। प्रशासन चलाने का मंत्री के रूप में अनुभव है। संगठन में विभिन्न पदों पर उन्होंने काफी समय बिताया है। राष्ट्रीय स्तर पर भी छत्तीसगढ़ के सह प्रभारी और प्रभारी रहे हैं। उनकी छवि की तो बात मत कीजिये। शांत, सरल और मिलनसार छवि के व्यक्ति है। ऐसे व्यक्ति को भारतीय जनता पार्टी जैसी पार्टी ही राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में मनोनीत कर सकती है। राय ने कहा की नितिन नवीन से काफी अपेक्षाएं हैं। पार्टी को और ऊपर ले जाने में उनका योगदान होगा। सफलता तो इनकी होनी ही है आज तक यह कभी असफल नहीं हुए है।
कार्यकर्ताओं की व्यापक तैयारी
राय ने जानकारी दी कि नितिन नवीन के स्वागत के लिए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और नेता पूरी तैयारी में जुटे रहे। उन्होंने स्वयं अपने क्षेत्र से 2000 समर्थकों को पटना लाने की व्यवस्था की, जिनके लिए भोजन और अन्य आवश्यक प्रबंध किए गए।
बिहार की प्रगति को मिलेगी नई गति
सच्चिदानंद राय ने जोर देकर कहा कि नितिन नवीन की नई भूमिका से बिहार की प्रगति और विकास को एक नई दिशा मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक बिहारी युवा पर इतना बड़ा भरोसा जताना पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय है।
युवा नेतृत्व पर अटूट भरोसा
राय ने नितिन नवीन के स्वस्थ और दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने कहा कि उनके ऊर्जावान युवा नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी न केवल बिहार में, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी नई ऊंचाइयों को छुएगी। उन्होंने अंत में मीडिया कर्मियों के उत्साह की भी सराहना की और इस पल को भाजपा संगठन के लिए मील का पत्थर बताया।