Bihar Cabinet Meeting: नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक आज, पूरा मंत्रिमंडल करेगा धन्यवाद, इस्तीफे के पहले मुख्यमंत्री देंगे कई सौगात
Bihar Cabinet Meeting: नीतीश कैबिनेट की आज आखिरी बैठक होगी 2 दशकों के बाद आज सीएम नीतीश मुख्यमंत्री पद से हमेशा के लिए विदा ले लेंगे। हालांकि इस्तीफे से पहले कई सौगात दे सकते हैं।
Bihar Cabinet Meeting: बिहार में सियासी उलटफेर के बीच मंगलवार को नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक होगी। सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की अंतिम बैठक होगी। बैठक में कई अहम फैसले हो सकते हैं। माना जा रहा है कि इसके बाद सीएम नीतीश राज्यपाल से मिलकर इस्तीफा दे देंगे। सीएम नीतीश के इस्तीफे और नए सीएम की घोषणा को लेकर आज पूरा दिन सियासी सरगर्मी हाई रहेगा।
नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक
दरअसल, सुबह 11 बजे सीएम हाउस में होने वाली यह बैठक मौजूदा सरकार के कार्यकाल की आखिरी औपचारिक बैठक मानी जा रही है। इसके बाद मुख्यमंत्री अपने पद से इस्तीफा देंगे। सूत्रों के अनुसार, बैठक के दौरान पूरा मंत्रिमंडल पिछले 20 वर्षों तक राज्य की सत्ता संभालने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद करेगा। साथ ही, कई अहम प्रस्तावों पर अंतिम मुहर लगने की भी संभावना है।
चार महीने में कम बैठकें
नवंबर में एनडीए सरकार बनने के बाद नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। हालांकि, पिछले चार महीनों में कैबिनेट की 10 से भी कम बैठकें हुई हैं। आखिरी बैठक 20 फरवरी 2026 को हुई थी, जिसमें सारण के सोनपुर में एयरपोर्ट निर्माण को मंजूरी दी गई थी। पिछले दो महीनों से कैबिनेट की कोई बैठक नहीं होने पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सवाल उठाए थे।
कैबिनेट के प्रमुख फैसले
नीतीश सरकार के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें प्रमुख, सारण के सोनपुर में करीब 4200 एकड़ में अंतरराष्ट्रीय ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने की मंजूरी, 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य। अगले 5 वर्षों में 50 लाख करोड़ रुपए निवेश लाने और 1 करोड़ रोजगार सृजन की योजना। सात निश्चय योजना 3.0, सोन नदी के पानी के बंटवारे में बिहार को 5.75 मिलियन एकड़ फीट और झारखंड को 2 मिलियन एकड़ फीट आवंटन, मुंबई में बिहार भवन निर्माण को मंजूरी, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 2 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता, 27 लाख प्री-मैट्रिक छात्रों की छात्रवृत्ति दोगुनी, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास, उच्च शिक्षा और नागर विमानन विभाग का गठन, सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 5% डीए बढ़ाया गया है।
सभी मंत्री रहेंगे मौजूद
मौजूदा कैबिनेट में 26 मंत्री शामिल हैं। बैठक में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित दिलीप जायसवाल, श्रवण कुमार, विजय चौधरी, लेसी सिंह, जमा खान समेत सभी मंत्री मौजूद रहेंगे। कुल मिलाकर, आज की कैबिनेट बैठक न सिर्फ औपचारिक रूप से इस सरकार के कार्यकाल का समापन करेगी, बल्कि इसके बाद बिहार की राजनीति एक नए दौर में प्रवेश करेगी।