Bihar crime news:अपराधियों को छोड़ अब चोरी हुए भैंस को ढूंढेगी बिहार पुलिस, ट्रक चालक ने देखा सच, फिर भी नहीं रुक पाए चोर

Bihar crime news: मुजफ्फरपुर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वो बेखौफ होकर गांवों में धावा बोल रहे हैं और पुलिस के लिए नई चुनौती खड़ी कर रहे हैं।...

Muzaffarpur  Police Hunt Stolen Buffalo
अपराधियों को छोड़ अब चोरी हुए भैंस को ढूंढेगी बिहार पुलिस- फोटो : reporter

Bihar crime news: मुजफ्फरपुर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वो बेखौफ होकर गांवों में धावा बोल रहे हैं और पुलिस के लिए नई चुनौती खड़ी कर रहे हैं। ताजा मामला कच्ची पक्की ओपी थाना क्षेत्र का है, जहां देर रात एक संगठित गैंग ने फिल्मी अंदाज में तीन-तीन भैंसों की चोरी कर इलाके में दहशत फैला दी। वारदात के बाद से पशुपालकों में खौफ का माहौल है और लोग अपनी रोजी-रोटी को लेकर फिक्रमंद हैं।

बताया जा रहा है कि घटना स्थल थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है, बावजूद इसके चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया। देर रात करीब 2 बजे एक पिकअप वाहन से पहुंचे बदमाशों ने NH-28 मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर मुख्य मार्ग के किनारे स्थित दास राय, फेकन राय और रमेश राय के दरवाजे पर बंधी तीनों भैंसों को निशाना बनाया। तीनों भाई रोज की तरह अपनी भैंसों को घर के बाहर बांधकर सोए हुए थे, तभी चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए चुपचाप भैंसों को खोला और पिकअप पर लादकर फरार हो गए।

इस दौरान घटनास्थल के पास खड़े एक ट्रक चालक ने जब हलचल देखी तो उसने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन गैंग के दो बदमाशों ने उसे धमकाकर चुप करा दिया। इससे साफ है कि चोर पूरी तैयारी और मंसूबे के साथ आए थे, और किसी भी विरोध का जवाब देने को तैयार थे।

घटना की जानकारी मिलते ही पशुपालकों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। आवेदन मिलते ही कच्ची पक्की ओपी पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि पिकअप और बदमाशों की पहचान की जा सके।

इस वारदात ने एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर थाना के इतने करीब इतनी बड़ी चोरी कैसे हो गई। फिलहाल पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा, लेकिन तब तक पशुपालकों की चिंता और डर बरकरार है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा