बेमतलब की बात नहीं करिये ... चुपचाप बैठिए, विधानसभा में राजद विधायकों पर आगबबूला हुए सीएम नीतीश

विपक्ष की नारेबाजी और हंगामा को लेकर सीएम नीतीश ने सदन में विरोधियों को जमकर लताड़ा. उन्होंने कहा कि आपलोग (राजद) के शासन में कुछ काम बिहार में नहीं हुआ था. आप बेमतलब की बातें करते हैं.

Nitish kumar - फोटो : news4nation

Bihar Vidhan Sabha : बिहार विधानसभा में मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के हंगामे और नारेबाजी के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजद सहित अन्य विपक्षी सदस्यों पर जमकर बरसे. दरअसल, एक दिन पहले सोमवार को पटना में अपनी मांगों के समर्थन में चौकीदार और दफादार प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान उन पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया. लाठीचार्ज के विरोध में राजद के कुमार सर्बजीत सहित अन्य राजद सदस्यों ने पहले सदन के बाहर प्रदर्शन किया और उसके बाद सदन में इस मुद्दे पर नीतीश सरकार को घेरा. 


विपक्ष की नारेबाजी और हंगामा को लेकर सीएम नीतीश ने सदन में विरोधियों को जमकर लताड़ा. उन्होंने कहा कि आपलोग (राजद) के शासन में कुछ काम बिहार में नहीं हुआ था. आप बेमतलब की बातें करते हैं. इसी कारण आज सिमट कर इतनी कम संख्या में हो गए हैं. आज हम (सत्तापक्ष ) 202 विधायकों के साथ यहां बैठे हैं और आप इतनी कम संख्या में हैं. आगे भी आप सरकार में नहीं आने वाले हैं. उन्होंने हंगामा और टोकाटोकी करने वाले विपक्षी सदस्यों सदस्यों को लताड़ लगाते हुए कहा कि आप चुपचाप बैठिए. 


सीएम नीतीश ने लालू-राबड़ी राज का हवाला देते हुए कहा आप लोग के समय में कोई शाम के बाद बाहर नहीं निकलता था. बिहार पूरी तरह से पिछड़ा हुआ था. आज बिहार में हर ओर काम हो रहा है. इसलिए आप लोग हंगामा करना छोड़िए. 


हालांकि सीएम नीतीश की इस सख्त टिप्पणी के बाद विपक्ष ने वेळ में आकर हंगामा करना शुरू कर दिया. इस दौरान स्पीकर प्रेम कुमार ने मार्शलों को बुलाकर हंगामा कर रहे सदस्यों के हाथों से प्लेकार्ड लेने का आदेश दिया. इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने सदन में कहा कि सरकार चौकीदार और दफादार के मुद्दे को गम्भीरता से देखेगी. वहीं मंत्री विजेंद्र यादव ने कहा कि हम चौकीदार और दफादार के प्रतिनिधि मंडल को बुलाकर उनकी मांगों को सुनेंगे. वही लोजपा विधायक राजू तिवारी ने चौकीदार और दफादार पर लाठीचार्ज करने वालों पर कार्रवाई की मांग की.

रंजन की रिपोर्ट