राज्यसभा सांसद की शपथ लेने दिल्ली रवाना हुए नीतीश कुमार, बिहार में इस दिन होगा नई NDA सरकार का शपथ ग्रहण

नीतीश के राज्यसभा में शपथ के बाद राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक 14 या 15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो सकता है, जिसके लिए पटना के गांधी मैदान को संभावित स्थल माना जा रहा है।

Nitish Kumar- फोटो : news4nation

Nitish Kumar : बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव अब कुछ कदम दूर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। इससे पहले वह गुरुवार को पटना से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनके दिल्ली पहुंचने से पहले ही बिहार सरकार के कई मंत्री वहां डेरा डाले हुए हैं, जिससे सियासी हलचल तेज हो गई है। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने दिल्ली रवाना होने से पहले संकेत दिया कि बिहार में नई सरकार का गठन 13 अप्रैल के बाद किया जाएगा। 


नई सरकार का शपथ ग्रहण

राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक 14 या 15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो सकता है, जिसके लिए पटना के गांधी मैदान को संभावित स्थल माना जा रहा है। सूत्रों की मानें तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के भीतर इस बार मुख्यमंत्री पद भारतीय जनता पार्टी के खाते में जा सकता है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम सीएम पद के लिए सबसे आगे बताया जा रहा है। हालांकि, भाजपा की ओर से इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं कहा गया है।


पहली बार बनेगी भाजपा सरकार

अगर ऐसा होता है तो यह बिहार के राजनीतिक इतिहास में एक बड़ा बदलाव होगा, क्योंकि अब तक भाजपा राज्य में सहयोगी दल के रूप में ही सत्ता में रही है। वहीं, वर्ष 2005 से लगातार मुख्यमंत्री पद पर काबिज रहे नीतीश कुमार की यह संभावित विदाई एक युग के अंत के रूप में देखी जा रही है।


बड़ा सियासी उलटफेर

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बदलाव 2024 के बाद बदले राष्ट्रीय समीकरणों और एनडीए के भीतर शक्ति संतुलन की नई रणनीति का हिस्सा हो सकता है। आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है।