मंजू सिन्हा की पुण्यतिथि पर नीतीश कुमार ने अर्पित की श्रद्धांजलि, निशांत, छोटू सिंह ने किया नमन

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पत्नी मंजू सिन्हा का 14 मई 2007 को निधन हो गया था, उनकी पुण्यतिथि पर पटना और नालंदा के कल्याण बिगहा में श्रद्धांजलि अर्पित की गई.

Manju Sinha death anniversary- फोटो : news4nation

Nitish Kumar :  बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को अपनी दिवंगत पत्नी मंजू सिन्हा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पटना के कंकड़बाग स्थित मंजू स्मृति पार्क में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में नीतीश कुमार अपने पुत्र निशांत कुमार के साथ पहुंचे। इस दौरान माहौल भावुक दिखाई दिया और बड़ी संख्या में समर्थक व स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में नीतीश कुमार ने मंजू सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर नागरिक परिषद के महासचिव अरविंद कुमार उर्फ छोटू सिंह, उदयकांत मिश्रा, हरेंद्र सिंह समेत कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।


श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद नीतीश कुमार और निशांत कुमार अपने पैतृक गांव कल्याण बीघा, नालंदा के लिए रवाना हो गए। वहां उन्होंने अपने माता-पिता और पत्नी की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान नीतीश कुमार ने तालाब में मछलियों को दाना भी खिलाया। 


कल्याण बीघा में बड़ी संख्या में लोग पूर्व मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याओं से जुड़े आवेदन भी उन्हें सौंपे। बताया गया कि नीतीश कुमार ने मौके पर ही नालंदा के जिलाधिकारी को निर्देश देते हुए लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा। कार्यक्रम में नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार, मंत्री श्रवण कुमार, स्थानीय विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

2007 में हुआ था निधन 

मंजू सिन्हा का विवाह नीतीश कुमार से 22 फरवरी 1973 को हुआ था। वह पेशे से शिक्षिका थीं और बेहद सादगीपूर्ण जीवन जीती थीं। राजनीतिक जीवन में व्यस्त रहने वाले नीतीश कुमार के संघर्ष के दिनों में उन्होंने परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं। लंबी बीमारी के बाद 14 मई 2007 को उनका निधन हो गया था। उनके पुत्र निशांत कुमार हाल तक सार्वजनिक जीवन से दूर रहते थे लेकिन अब उन्हें बिहार की सम्राट चौधरी सरकार में मंत्री बनाया गया है। नीतीश कुमार और मंजू सिन्हा की जोड़ी को हमेशा सादगी और पारिवारिक मूल्यों के लिए याद किया जाता है।