बिहार में स्कूली बच्चों को ले जा रहा स्कूल वाहन बड़े हादसे का शिकार, 10 बच्चे और एक शिक्षिका थे सवार, मचा कोहराम

School vehicle overturns in Bagaha
School vehicle overturns in Bagaha- फोटो : news4nation

Bihar News :  बगहा के रामनगर थाना क्षेत्र के तौलहा और दिउलिया गांव के बीच गुरुवार सुबह एक निजी स्कूल वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में महिला शिक्षिका समेत करीब एक दर्जन स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।


मिली जानकारी के अनुसार, तौलहा गांव स्थित निजी विद्यालय “AK पब्लिक स्कूल” की वैन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान तौलहा-दिउलिया मार्ग पर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में वाहन में सवार कई बच्चे घायल हो गए, जबकि एक महिला शिक्षिका को सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।


रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए GMCH बेतिया रेफर कर दिया गया।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। हादसे के बाद बच्चों के परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है।