नीतीश तो इंडिया गठबंधन में होते लेकिन निशांत के साथ धोखा, नीतीश के साथ इन्होने किया खेला, तेजस्वी का तंज

तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार के साथ सही व्यवहार नहीं किया गया। उन्हें बिहार का मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए था, लेकिन भाजपा ने उन्हें उपमुख्यमंत्री तक नहीं बनाया।

Tejashwi Yadav- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने जदयू की मौजूदा स्थिति और पार्टी के भीतर चल रही कथित गुटबाजी को लेकर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार आज चेतन अवस्था में होते तो वे इंडिया गठबंधन के साथ होते। लेकिन उनकी मौजूदा स्थिति का फायदा उठाकर उनकी ही पार्टी के कुछ नेता जदयू को खत्म करने में लगे हैं। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि जनता दल यूनाइटेड अब जनता दल डिवाइडेड बन चुका है। पार्टी के भीतर नेताओं के बीच गुटबाजी चरम पर है और इसका असर अब खुलकर दिखाई देने लगा है।


ललन सिंह और संजय झा पर निशाना

तेजस्वी यादव ने जदयू के वरिष्ठ नेताओं ललन सिंह और संजय झा को निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर अलग-अलग गुट बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि कुछ नेता अपने राजनीतिक फायदे, प्रतिष्ठा और दिल्ली से पटना तक सत्ता में अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए भाजपा के साथ सांठगांठ कर रहे हैं। उनके मुताबिक, नीतीश कुमार की राजनीतिक सक्रियता कमजोर पड़ने के बाद पार्टी के भीतर नेतृत्व और प्रभाव को लेकर खींचतान तेज हुई है।


निशांत कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाने पर सवाल

तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार के साथ सही व्यवहार नहीं किया गया। उन्हें बिहार का मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए था, लेकिन भाजपा ने उन्हें उपमुख्यमंत्री तक नहीं बनाया। तेजस्वी के मुताबिक, निशांत को राजनीतिक रूप से आगे बढ़ाने के बजाय उन्हें उचित भूमिका से दूर रखा जा रहा है।


तेजस्वी की भविष्यवाणी हुई सच 

तेजस्वी यादव ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान ही आशंका जताई थी कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहने दिया जाएगा। अब उनकी बात सच साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटा दिया और सत्ता की कमान अपने हाथों में ले ली। उन्होंने उपमुख्यमंत्रियों को लेकर भी तंज कसा और कहा कि जिन लोगों को इस पद पर बैठाया गया है, वे भाजपा के अपने राजनीतिक हितों से जुड़े लोग हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने हिसाब से बिहार की सत्ता का समीकरण तैयार किया है।


नीतीश की स्थिति का फायदा उठा रहे पार्टी के नेता

तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार की स्वास्थ्य और राजनीतिक सक्रियता को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार के अचेत अवस्था में चले जाने के बाद उनकी पार्टी के ही कुछ नेता संगठन और सत्ता पर अपना प्रभाव बढ़ाने में जुटे हैं। उनका कहना था कि अगर नीतीश कुमार पूरी तरह चेतन और राजनीतिक रूप से सक्रिय होते तो जदयू की दिशा आज अलग होती और वे इंडिया गठबंधन के साथ खड़े दिखाई देते।


रंजन की रिपोर्ट