Bihar News : हड़ताल पर गए पटना नगर निगम के सफाई कर्मी, अब पुलिस बल की निगरानी में होगा कचरा उठाव, काम में बाधा डालने वालों पर होगी FIR

Bihar News : पटना नगर निगम के नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सभी अंचलों के कार्यपालक पदाधिकारियों, सफाई निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों और आउटसोर्सिंग एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

नगर निगम की बैठक - फोटो : ANIL

PATNA : पटना नगर निगम के नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने शुक्रवार को निगम मुख्यालय में सभी अंचलों के कार्यपालक पदाधिकारियों, सफाई निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों, आउटसोर्सिंग एजेंसियों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में कर्मचारी यूनियन की हड़ताल के कारण प्रभावित हो रही शहर की सफाई व्यवस्था का आकलन किया गया तथा आम नागरिकों को निर्बाध स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिये गए।

अतिरिक्त मानवबल तैनात कर समूह में काम करने के निर्देश

बैठक के दौरान विभिन्न अंचलों से यह जानकारी दी गई कि कार्यरत सफाई कर्मियों को हड़ताल का समर्थन कर रहे कुछ लोगों द्वारा काम नहीं करने का दबाव एवं धमकी दी जा रही है, जिसके कारण कई कर्मी ड्यूटी पर आने से हिचकिचा रहे हैं अथवा निर्बाध रूप से कार्य नहीं कर पा रहे हैं। इस पर सभी सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक वार्ड में कार्यरत सफाईकर्मियों के अतिरिक्त 15 से 20 सहयोगी व्यक्तियों की टीम तैयार करें और सफाई कर्मियों के साथ उनका समूह तैयार कर कार्य कराएं। साथ ही काम बाधित करने वालों को चिह्नित करते हुए एफआईआर भी दर्ज कराने के निर्देश दिये गए। बैठक में निगम मुख्यालय के सभी वरीय पदाधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित अंचलों में लगातार निगरानी रखते हुए रात्रिकालीन विशेष सफाई अभियान का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए। अभियान को प्रभावी एवं सुरक्षित ढंग से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक अंचल में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है।

ड्यूटी से अनुपस्थित आउटसोर्सिंग कर्मियों एवं एजेंसियों पर होगी कार्रवाई

बैठक में नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आउटसोर्सिंग एजेंसियां अपने अनुबंध के अनुरूप निर्धारित संख्या में मानवबल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। यदि कोई एजेंसी पर्याप्त संख्या में कर्मी उपलब्ध कराने में विफल रहती है अथवा अपने संविदात्मक दायित्वों का पालन नहीं करती है, तो उसके विरुद्ध अनुबंध की शर्तों के अनुरूप दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। ड्यूटी पर आने के बावजूद काम नहीं करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। 

बायोमेट्रिक एवं मैनुअल उपस्थिति अनिवार्य

सभी सफाई निरीक्षकों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी प्रत्यक्ष निगरानी में सभी स्थायी, दैनिक एवं आउटसोर्सिंग एजेंसी के सफाई कर्मियों की बायोमेट्रिक तथा मैनुअल उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। उपस्थिति की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सफाई कर्मियों से कार्य पर लौटने की अपील

पटना नगर निगम द्वारा सफाई कर्मियों के यूनियन की वे सभी मांगें, जो निगम के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत थीं, पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त अन्य न्यायोचित मांगों को भी सक्षम एवं संबंधित स्तर पर विचारार्थ भेजा गया है। नगर आयुक्त सभी सफाई कर्मियों से अपील की कि वे शहरहित एवं जनहित को सर्वोपरि रखते हुए तत्काल अपने कार्य पर लौटें, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था सुचारु बनी रहे तथा उनकी शेष मांगों का समाधान भी आपसी संवाद एवं सकारात्मक वार्ता के माध्यम से सुनिश्चित किया जा सके। वर्तमान में पटना नगर निगम में कुल 647 स्थायी सफाई कर्मी, 3,816 दैनिक सफाई कर्मी तथा 4,822 आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से उपलब्ध सफाईकर्मी कार्यरत हैं। नगर निगम इन सभी मानवबल एवं उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से राजधानी में स्वच्छता व्यवस्था को पूर्ण रूप से सामान्य बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

अनिल की रिपोर्ट