पटना: पालीगंज में मोबाइल टावर से तांबा तार चुराते गिरोह का पर्दाफाश, 3 शातिर गिरफ्तार

पटना के पालीगंज में टावर से कॉपर तार चुराने वाले गिरोह का भंडाफोड़,मोबाइल टावर से तांबे का तार काट रहे गिरोह को ग्रामीणों और पालीगंज थाना पुलिस के सहयोग से दबोच लिया गया। मामले में 3 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है

Paliganj Tower Wire Theft
मोबाइल टावर तार चोरी- फोटो : Reporter

पटना जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरकुरी गांव में टावर विज़न (Tower Vision) के मोबाइल टावर से तांबे का कीमती तार चोरी करने का प्रयास करते एक शातिर चोर को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। वादी सुमंत कुमार (पिता- राम अयोध्या सिंह) की निजी भूमि पर लगे इस टावर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया और आगे की छानबीन शुरू कर दी।


मुख्य आरोपी की निशानदेही पर दो अन्य सहयोगी गिरफ्तार, तीन शातिर दबोचे गए

पुलिस की पूछताछ और मुख्य आरोपी की निशानदेही पर घटना में शामिल गिरोह के दो अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी सुनील कुमार (पिता- अमरनाथ साव), आदित्य कुमार (पिता- अमोद कुमार, दोनों निवासी- सोरमपुर, थाना जानीपुर, पटना) तथा आशीष कुमार (पिता- अरुण राम, निवासी- गर्दनीबाग, पटना) शामिल हैं। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अक्सर टावरों से तांबे के तार काटकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।


बाइक, तार कटर, मोबाइल और नकदी बरामद, गिरोह का पुराना आपराधिक इतिहास

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल होने वाला कटर, काटा हुआ तांबे का तार, घटना में प्रयुक्त R15 मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर BR 01FW - 7703), 3 मोबाइल फोन और ₹1,188 की नकदी बरामद की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सुनील कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है; वह पहले भी जानीपुर थाना क्षेत्र से तार चोरी के मामले (कांड संख्या 69/26, धारा 303(2)/317(2)/3(5) BNS) में जेल जा चुका है।


पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से अंतरजिला टावर-तार चोर गिरोह बेनकाब

इस त्वरित और सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली छापेमारी टीम में पालीगंज थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक (पु०अ०नि०) विशाल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक (स०अ०नि०) नीरज कुमार (अनुसंधानकर्ता) एवं सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस की इस मुस्तैदी से क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय टावर से तांबा तार चुराने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।

पालीगंज से ऋषिकेश की रिपोर्ट