Bihar News : अब एक ही जगह मिलेगी आईएएस, बीपीएस और सचिवालय कर्मियों की जानकारी, सिविल लिस्ट पुस्तिका 2026 का हुआ विमोचन
Bihar News : बिहार में अब एक ही जगह आईएएस, बीपीएस और सचिवालय कर्मियों की जानकारी मिल जाएगी. इसी कड़ी में सिविल लिस्ट पुस्तिका 2026 का विमोचन किया गया.....पढ़िए आगे
PATNA : बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा बुधवार को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुराना सचिवालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. राजेंदर, वित्त सचिव रचना पाटिल, उच्च शिक्षा सचिव राजीव रौशन और विशेष सचिव गीता सिंह ने संयुक्त रूप से 'सिविल लिस्ट पुस्तिका 2026' का विमोचन किया। यह पुस्तिका राज्य के प्रशासनिक ढांचे को और अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
अधिकारियों और कर्मियों का संपूर्ण डेटाबेस
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव बी. राजेंदर ने बताया कि इस वर्ष की सिविल लिस्ट में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS), बिहार सचिवालय सेवा और बिहार सचिवालय आशुलिपिकीय सेवा से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है। इन पुस्तिकाओं की सबसे खास बात यह है कि इसमें संबंधित अधिकारियों के फोटो के साथ-साथ उनकी सेवा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण और अद्यतन जानकारियां समाहित की गई हैं।
प्रशासनिक कार्यों में आएगी सुगमता
विमोचन के दौरान अधिकारियों ने कहा कि यह सिविल लिस्ट केवल एक डेटाबेस नहीं, बल्कि प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए एक अनिवार्य टूल है। अधिकारियों के अनुभव, पदस्थापन और सेवा इतिहास की त्वरित उपलब्धता से अंतर-विभागीय समन्वय और फाइलों के निष्पादन में तेजी आएगी। यह पुस्तिका डिजिटल और भौतिक दोनों स्वरूपों में प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने में उपयोगी सिद्ध होगी।
टीम के प्रयासों की सराहना
अपर मुख्य सचिव ने पुस्तिका के समय पर और सटीक प्रकाशन के लिए जिम्मेदार टीम की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर डेटा एकत्र करना और उसे व्यवस्थित रूप से प्रकाशित करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य था। उन्होंने इस परियोजना में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी और उनके समर्पण भाव की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
विमोचन समारोह में शासन के कई अन्य वरिष्ठ चेहरे भी मौजूद रहे, जिनमें अपर सचिव रजनीश कुमार, संयुक्त सचिव जगदीश कुमार, जेएडी संजय कुमार और डीपीआरओ तपिश मुख्य रूप से शामिल थे। कार्यक्रम के अंत में विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी शिरकत की और नई सिविल लिस्ट के प्रावधानों पर चर्चा की।