105 बार रक्तदान कर चुके पटना के गौरव राय की पहल पर मेधावी छात्र को दी गई साइकिल

Gaurav Rai- फोटो : news4nation

Bihar News :  पटना के सामाजिक कार्यकर्ता गौरव राय की पहल पर मुजफ्फरपुर के मेधावी छात्र को साइकिल दी गई। मुजफ्फरपुर बैरिया एमएटी के पास आयोजित एक कार्यक्रम में समस्तीपुर के मुक्तापुर निवासी मेधावी छात्र रवनीत कुमार को साइकिल भेंट की गई। इंटर का छात्र रवनीत पढ़ाई में होनहार बताया जा रहा है।


कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए सामाजिक कार्यकर्ता गौरव राय ने बताया कि छात्र के बारे में जानकारी उन्हें भूमिहार महिला समाज की फाउंडर प्रीति प्रिया से मिली थी, जिसके बाद मुजफ्फरपुर के युवा व्यवसायी भृगु कुमार के सहयोग से साइकिल उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर नूतन कुमारी, संगीता रानी, शशि सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। गौरव राय ने बताया कि वे बिना किसी एनजीओ के जरूरतमंदों की मदद का अभियान चला रहे हैं, जिसमें अब तक सैकड़ों साइकिल और सिलाई मशीनें वितरित की जा चुकी हैं।


गौरव राय ने जानकारी दी कि अब तक उनके प्रयासों से पूरे बिहार में 775 से अधिक साइकिल, सिलाई मशीन और सैनिट्री पैड मशीनें वितरित या स्थापित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि संख्या भले छोटी हो, लेकिन उद्देश्य जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चलाए जा रहे सिलाई मशीन अभियान का भी विस्तार किया जा रहा है। आने वाले महीनों में करीब 50 सिलाई मशीनों के वितरण की योजना है। इसके लिए जल्द ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से क्राउड फंडिंग अभियान भी शुरू किया जाएगा।


प्रीति प्रिया ने बताया कि गौरव राय पिछले तीन वर्षों से अपने वेतन से संस्था को सहयोग करते आ रहे हैं, जो सभी के लिए प्रेरणादायक है। गौरव राय अब तक 105 बार रक्तदान कर चुके हैं और युवाओं को भी इसके लिए प्रेरित करते हैं।