Pappu Yadav: धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ पप्पू यादव ने दर्ज कराई FIR, बोले- सजा दिलाकर ही मानेंगे
Pappu Yadav: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण पर दिए बयान को लेकर पप्पू यादव नाराज हैं। सांसद दिल्ली के पार्लियामेंट थाने में उनके खिलाफ FIR दर्ज कराने पहुंचे।
Pappu Yadav: कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण पर दिए गए बयान को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अब पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव इस मामले में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने दिल्ली के पार्लियामेंट थाने पहुंचे हैं। पप्पू यादव ने पहले ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर शास्त्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बात कही थी।
पप्पू यादव ने भगवान श्रीकृष्ण पर की गई टिप्पणी को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने एक्स पर लिखा था, "भगवान श्रीकृष्ण जी का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। सत्ता संरक्षित टुटपुंजिये फरेबी कथावाचक के खिलाफ आज मैं मुकदमा दर्ज कराने जा रहा हूं। कृष्ण कन्हैया जी को अपमानित कर यह मूर्ख बेईमान अब माफी मांगने की नौटंकी कर रहा है। इसे छोड़ेंगे नहीं, सजा दिलाकर ही मानेंगे।"
क्या बोले थे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री?
दरअसल, 29 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के करैरा में कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान कृष्ण और भगवान राम की तुलना करते हुए कुछ टिप्पणियां की थीं। उन्होंने कहा था कि भगवान कृष्ण की मूर्तियों और तस्वीरों में उनका शरीर तीन जगह से मुड़ा हुआ दिखाई देता है। वे बांसुरी बजाते हुए टेढ़ी मुद्रा में खड़े रहते हैं। इसके विपरीत उन्होंने भगवान राम को सीधे खड़े होने और सीधे स्वभाव वाला बताया।
शास्त्री ने आगे कहा था कि बांसुरी बजाना खेल है, लेकिन धनुष उठाना आसान नहीं। उन्होंने गाय चराने और बंदरों को नचाने की तुलना भी की। साथ ही कहा कि भगवान कृष्ण ने पर्वत उठाया था, जबकि उनके भक्त हनुमान ने पूरा पर्वत उठा लिया था। उन्होंने अयोध्या और वृंदावन का जिक्र करते हुए कहा था कि उनका धाम अयोध्या सीधा है, जबकि वृंदावन टेढ़ा है।
बयान के बाद बढ़ा विवाद
धीरेंद्र शास्त्री की इन टिप्पणियों के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। कई लोगों ने इसे भगवान श्रीकृष्ण का अपमान बताया, जबकि शास्त्री की ओर से बाद में सफाई और माफी की बात भी सामने आई। अब पप्पू यादव ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वह शास्त्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे हैं। हालांकि, शिकायत दर्ज होने और पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।