Patna Robbery: राजधानी पटना में अपराधी हुए बेखौफ! 20 लाख लूटकर फरार, CCTV खंगाल रही पुलिस

Patna Robbery: पटना में दिनदहाड़े 20 लाख की लूट की घटना से हड़कंप मच गया है। जहां मनी एजेंट को बंदूक दिखाकर बदमाश लूटकर फरार हो गए।

पटना में लूट की बड़ी वारदात!- फोटो : social media

Patna Robbery:  बिहार की राजधानी पटना में सोमवार (23 मार्च 2026) को दिन के समय बड़ी लूट की घटना सामने आई है। पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में अल्पना मार्केट के पास बदमाशों ने एक मनी कलेक्शन एजेंट से करीब 20 लाख रुपये लूट लिए। जानकारी के अनुसार, पंकज नाम का व्यक्ति एक प्राइवेट कंपनी में कैश कलेक्शन का काम करता है। वह साईं मंदिर इलाके से पैसे इकट्ठा करके सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में जमा करने जा रहा था। उसने बताया कि करीब 3 बजे उसने पैसे कलेक्ट किए और बैग में रखकर बैंक की ओर निकल पड़ा।

जैसे ही वह अल्पना मार्केट की गली में पहुंचा, तभी दो बाइक पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने उसे घेर लिया। एक बदमाश ने आगे से रास्ता रोक लिया और दूसरे ने पीछे से पिस्टल तान दी। पंकज ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उसे गोली मारने की धमकी दी। डर के कारण वह कुछ नहीं कर पाया और बदमाशों ने कुछ ही सेकंड में पैसों से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद वे तेजी से बोरिंग रोड चौराहे की तरफ भाग निकले।घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोग कुछ समझ नहीं पाए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस मौके पर पहुंची 

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है। पुलिस की टीम अल्पना मार्केट से लेकर बोरिंग रोड तक लगे सभी कैमरों को खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान हो सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया है। दिनदहाड़े हुई इस लूट ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।