Bihar LPG gas: होटल-ढाबा मालिकों को राहत, सिलिंडर की किल्लत जल्द होगी खत्म, बस करना होगा ये काम
Bihar LPG gas: बिहार में होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट के लिए नया नियम लागू किए गए हैं। अब रजिस्ट्रेशन के बाद ही कॉमर्शियल गैस सिलिंडर मिलेगा।
Bihar LPG gas: रेस्टोरेंट, ढाबा और होटलों के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें कॉमर्शियल गैस सिलिंडर लगातार मिलेगा, लेकिन इसके लिए उन्हें आयल कंपनियों में रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी होगा। बिना रजिस्ट्रेशन के अब गैस सिलिंडर नहीं दिया जाएगा। सरकार के निर्देश के अनुसार अब कॉमर्शियल गैस की सप्लाई बढ़ाई जा रही है। इसका फायदा लेने के लिए जो भी होटल, ढाबा या रेस्टोरेंट कॉमर्शियल एलपीजी सिलिंडर का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें संबंधित आयल कंपनियों में अपना नाम दर्ज कराना होगा।
इस नियम का मकसद यह है कि घरेलू गैस का गलत इस्तेमाल रोका जा सके और सही लोगों तक ही गैस और सब्सिडी पहुंचे। शहर के इलाकों में रहने वाले लोगों को पीएनजी गैस के लिए आवेदन करने की भी सलाह दी गई है। गैस उपभोक्ताओं को परेशानी न हो, इसके लिए Indian Oil Corporation Limited का गिद्धा स्थित बॉटलिंग प्लांट रविवार को भी अतिरिक्त समय में चालू रखा गया था। इससे सोमवार को गैस एजेंसियों के जरिए सही तरीके से वितरण किया गया।
घरेलू गैस सिलिंडर का इस्तेमाल कहां किया जा रहा है?
अधिकारियों का कहना है कि कई जगहों पर घरेलू गैस सिलिंडर का इस्तेमाल व्यापार के काम में किया जा रहा था, जो नियम के खिलाफ है। इससे आम लोगों को गैस मिलने में दिक्कत हो रही थी। अब रजिस्ट्रेशन होने के बाद यह साफ हो जाएगा कि कौन कॉमर्शियल उपभोक्ता है। इससे गैस की सप्लाई साफ और सही तरीके से होगी। साथ ही कालाबाजारी और गलत इस्तेमाल पर भी रोक लगेगी। जिन लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया होगा, उन्हें नियमित रूप से कॉमर्शियल गैस सिलिंडर मिलेगा और उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
व्यापार करने वाले को सलाह
व्यापार करने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपने नजदीकी गैस एजेंसी या संबंधित आयल कंपनी से संपर्क करके जरूरी कागज जमा करें और रजिस्ट्रेशन कराएं। इसके बाद वे कॉमर्शियल गैस का अलग कनेक्शन ले सकते हैं। प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि जो लोग नियम नहीं मानेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसलिए सभी होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट चलाने वालों को समय रहते रजिस्ट्रेशन कराने की सलाह दी गई है। यह नई व्यवस्था गैस की सप्लाई को बेहतर बनाएगी और आम लोगों और व्यापारियों दोनों के लिए सुविधा और पारदर्शिता बढ़ाएगी।