स्वतंत्रता दिवस पर पटना में सनसनीखेज वारदात: झंडा फहराने के बहाने बुलाकर युवक की गोली मारकर हत्या

पटना के बाढ़ में स्वतंत्रता दिवस पर सनसनीखेज हत्या! 26 वर्षीय वीरू को झंडा फहराने के बहाने घर से ले जाकर सिर में मारी गोली। परिजनों का आरोप- सोची-समझी साजिश। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस,संभावित ठिकानों पर छापेमारी

पटना के खुसरूपुर के युवक की सालिमपुर में हत्या- फोटो : Reporter

पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल से एक सनसनीखेज हत्या की खबर सामने आई है। सालिमपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में एक 26 वर्षीय युवक की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान खुसरूपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर निवासी वीरू कुमार (26 वर्ष) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

झंडा फहराने का झांसा देकर घर से ले गए थे आरोपी

मृतक के परिजनों का आरोप है कि वीरू की हत्या एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई है। परिजनों के अनुसार, मझौली पंचायत के वर्तमान मुखिया जुल्मी मुखिया के भगिना सोनू कुमार ने वीरू को झंडा फहराने के बहाने घर से बुलाया था। इसके बाद जुल्मी मुखिया के दो अन्य भगिने, अजीत कुमार और प्रिंस कुमार (जो शाहपुर के निवासी हैं), वीरू के घर पहुंचे और उसे अपने साथ लिवा ले गए।

सड़क पर पड़ा मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम

वीरू के घर से जाने के कुछ ही देर बाद ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी कि उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है और उसका शव सड़क पर पड़ा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही सालिमपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।

दोस्ती, सिर में गोली और पैसे का विवाद

सालिमपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक वीरू कुमार और आरोपी आपस में दोस्त थे और घटना के समय साथ ही थे। इसी दौरान आरोपी ने वीरू के सिर में काफी करीब से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जांच में दोनों के बीच पूर्व में पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद की बात भी सामने आ रही है।

पुलिस की कार्रवाई और संभावित ठिकानों पर छापेमारी

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है। परिजनों के बयानों और आरोपों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नामजद आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।