पटना के बिहटा में सनसनीखेज वारदात: पिता की दूसरी शादी से नाराज किशोर ने सौतेली मां और दो मासूम भाइयों पर पेचकस-चाकू से किया हमला

पिता की दूसरी शादी से नाराज किशोर ने अपनी सौतेली मां और दो मासूम भाइयों पर चाकू और पेचकस से जानलेवा हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बिहटा पुलिस ने महज 2 घंटे मे आरोपी किशोर पकड़ा

बिहटा में सौतेले बेटे ने मां और दो मासूम भाइयों को गोदा, आरोपी पकड़ाया- फोटो : Reporter

पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत डोमिनियां पुल के पास शनिवार रात एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई। पिता की दूसरी शादी से लंबे समय से नाराज चल रहे एक किशोर ने अपनी सौतेली मां और दो मासूम भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने चाकू और पेचकस से ताबड़तोड़ वार कर तीनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।


चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीण, घायलों को कराया गया भर्ती

देर रात घर से अचानक उठी चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत बिहटा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़ित महिला द्वारा दिए गए बयान (फर्द बयान) के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली।


विशेष टीम का गठन और 2 घंटे के भीतर आरोपी दबोचा गया

मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना पश्चिमी सिटी एसपी के निर्देश पर दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान की मदद से महज दो घंटे के भीतर आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, पेचकस और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए गए।


दूसरी शादी का गुस्सा बना वजह, बाल न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई

पुलिस पूछताछ में आरोपी किशोर ने स्वीकार किया कि वह अपने पिता के दूसरे विवाह से बहुत आहत और नाराज था, जिसके कारण उसने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया। दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि आरोपी के नाबालिग होने के कारण कानून के प्रावधानों के अनुसार बाल न्याय (Juvenile Justice) प्रक्रिया के तहत उसे हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

बिहटा से सुमित कुमार की रिपोर्ट