पटना बाईपास रेल लाइन तैयार , नेउरा-जट डुमरी नई लाइन का सीआरएस निरीक्षण पूर्ण, अब बिना पटना जंक्शन नहीं आएगी मालगाड़ियां
नेउरा - जट डुमरी रेल खंड पर सी आर एस निरीक्षण के साथ ही नेउरा - शेखपुरा परियोजना पूरी हो गई है, पटना बाईपास के रूप में नई लाइन चालू होने से पटना होकर मालगाड़ियों के परिचालन के लिए अतिरिक्त दवाब समाप्त होगा।
Bihar Rail News : पटना-हावड़ा रेलखंड को ट्रेनों के अत्यधिक दबाव से मुक्त दिलाने की दिशा में पूर्व मध्य रेलवे की बड़ी पहल पूरी हो गई है। दानापुर मंडल के नेउरा-दनियावां नई रेल लाईन परियोजना के अंतर्गत लगभग 20 किमी लंबे नवनिर्मित नेउरा-जट डुमरी रेलखंड का निरीक्षण 8 अक्टूबर को रेलवे संरक्षा आयुक्त द्वारा किया गया । इसके उपरांत जट डुमरी से नेउरा तक विशेष ट्रेन द्वारा 120 किमी/घंटा की गति से सफलतापूर्वक स्पीड ट्रायल भी किया गया।
नेउरा जं. और जट डुमरी जं. के मध्य गोनपुरा स्टेशन एवं अधपा, चामुचक एवं बाजिदपुर हाल्ट का निर्माण किया गया है । जबकि नेउरा स्टेशन पटना-आरा रेलखंड पर तथा जट डुमरी स्टेशन पटना-गया रेलखंड पर पहले से मौजूद है । इस रेलखंड पर 03 वृहत पुल, 16 छोटे पुल, 05 एलएचएस, 02 आरओबी, 01 आरओआर तथा 12 आरयूबी का निर्माण किया गया है।
दरअसल, 42 किलोमीटर लंबे नेउरा-दनियावां नई रेल लाईन परियोजना के तहत पहले चरण में 22.74 किमी लंबे जट डुमरी से दनियावां तक का कार्य पूर्ण होने के उपरांत उस पर ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है । यह परियोजना नेउरा-दनियावां-बिहारशरीफ-बरबीघा-शेखपुरा नई लाईन का एक हिस्सा है और यह लाईन इस क्षेत्र के लोगों की जरूरतों को पूरा करने के साथ ही दानापुर-पटना-किउल-झाझा मुख्य लाइन की बाईपास लाइन के रूप में कार्य करेगी जो अत्यधिक भीड़भाड़ (Highly congested Section) वाली रेलखंड है।
क्या होगा फायदा
नई रेल लाइन से ट्रेनों का परिचालन शुरू होने के बाद पटना- हावड़ा रेल रूट को एक बाइपास रेल रूट मिल गया है। इस रूट के माध्यम से अब DDU की ओर से पटना आने वाली ट्रेनों को नेउरा से ही नेउरा-दनियावां नई रेल लाईन के रास्ते भेजा जा सकता है। विशेषकर मालगाड़ियों को अब बिना पटना लाए ही सीधे दनियावां ले जाया जा सकेगा। रेल अधिकारी की मानें तो पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, आराया बक्सर की तरफ से आने वाली मालगाड़ियां पटना की तरफ नहीं आएंगी। नेउरा से जटडुमरी होते दनियावां जंक्शन पहुंचेगी। दनियावां से बिहारशरीफ और बरबीघा के रास्ते शेखपुरा जंक्शन पर किऊल- गया रेललाइन में मिल जाएगी।
15 अक्टूबर से परिचालन संभव
नेउरा-जटडुमरी रेललाइन पर 15 अक्टूबर से ट्रेनों का परिचालन शुरू होने की संभावना है। यह 123.2 किमी लंबी नेउरा-जटडुमरी-दनियावां-शेखपुरा रेल परियोजना का हिस्सा है। नई रेललाइन के शुरू होने से किऊल-पटना-नेउरा रेलखंड पर ट्रेनों का दबाव करीब 20 प्रतिशत तक घट जाएगा। मालगाड़ियों को इस नए रूट पर शिफ्ट किया जाएगा। इससे पटना जंक्शन पर ट्रैकों की उपलब्धता बढ़ेगी और रोजाना 4 से 6 घंटे का समय बचेगा। आउटर सिग्नल और शंटिंग के दौरान ट्रेनों का लेट होना भी कम होगा।