Patna traffic:छठ घाट पर जाने से पहले जान लें पटना का ट्रैफिक रुट, गंगा घाटों की ओर जाने वाले रास्ते ब्लॉक, ये शॉर्टकट मार्ग रहेंगे चालू
छठ घाट पर जाने से पहले जान लें पटना का ट्रैफिक रुट, गंगा घाटों की ओर जाने वाले रास्ते ब्लॉक, ये शॉर्टकट मार्ग रहेंगे चालू
Patna traffic: लोकआस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। गंगा के विभिन्न घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और व्रतियों की सहूलियत को देखते हुए यातायात पुलिस ने 15 और 16 नवंबर के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत शहर के कई प्रमुख रास्तों पर सामान्य वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। पहले अर्घ्य के दिन 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से 8 बजे तक अथवा यातायात सामान्य होने तक यह व्यवस्था प्रभावी रहेगी। हालांकि एम्बुलेंस, अग्निशमन, मरीजों और शव वाहनों के साथ छठव्रतियों के वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है।
यातायात व्यवस्था के मुताबिक, कारगिल चौक से दीदारगंज तक अशोक राजपथ पर सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इस मार्ग के प्रवेश रास्तों पर भी पाबंदी रहेगी। छठव्रतियों के वाहन खजांची रोड से पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंच सकेंगे। कारगिल चौक से शाहपुर तक व्रतियों के वाहनों को अनुमति मिलेगी। गायघाट से अशोक राजपथ आने वाले सामान्य वाहनों को गांधी चौक से बारी पथ की तरफ मोड़ा जाएगा। वहीं दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ की ओर जाने वाले वाहनों पर भी निर्धारित समय में रोक रहेगी। इन्हें रामजीचक मोड़ से नहर रोड होकर बेली रोड भेजा जाएगा।
महापर्व के दौरान निर्माण कार्य से जुड़े वाहन 15 नवंबर सुबह 10 बजे से 16 नवंबर दोपहर 12 बजे तक प्रतिबंधित रहेंगे। बड़े मालवाहक वाहनों का परिचालन भी 15 नवंबर सुबह 10 बजे से अगले दिन सुबह 10 बजे तक बंद रहेगा। जेपी सेतु पर सोनपुर और छपरा से पटना आने वाले वाहनों को 15 नवंबर दोपहर 2 बजे से शाम 7:30 बजे तक तथा 16 नवंबर सुबह 3 से 6 बजे तक प्रवेश नहीं मिलेगा। दानापुर और खगौल जाने वाली नगर बसें कारगिल चौक के बजाय गांधी मैदान गेट नंबर 10 अथवा जीपीओ मल्टीमॉडल हब पर रुकेंगी।
दीघा और आसपास के घाटों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सूर्य मंदिर चौहट्टा और दीघा पोस्ट ऑफिस रोड से आने वाले श्रद्धालु निर्धारित खाली स्थानों तथा पाटीपुल अंडरपास के पास वाहन खड़े करेंगे। गेट 93 घाट के लिए गंगा पथ के निर्धारित पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। गेट 88 और 83 घाट जाने वाले वाहन अशोक राजपथ से गंगा पथ अंडरपास का इस्तेमाल करेंगे। पाटीपुल, दीघा, शिवा और मीनार घाट के लिए पाटली पथ तथा रामजीचक आरओबी के आसपास पार्किंग उपलब्ध रहेगी। कुर्जी घाट जाने वाले वाहन कुर्जी मोड़ से जेपी गंगा पथ अंडरपास होकर उत्तर दिशा में पार्क होंगे। पहलवान और बांस घाट जाने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित अंडरपास से प्रवेश करना होगा।
कलेक्ट्रेट और महेंद्रू घाट जाने वाले श्रद्धालुओं को गांधी मैदान में वाहन पार्क कर आगे पैदल जाना होगा। पटना कॉलेज घाट के लिए कॉलेज मैदान और साइंस कॉलेज घाट की ओर जाने वालों के लिए साइंस कॉलेज परिसर में पार्किंग निर्धारित है। जेपी गंगा पथ पर दीघा गोलंबर से दीदारगंज तक दोनों फ्लैंक में वाहनों का परिचालन और पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। दीघा गोलंबर पर यू-टर्न की अनुमति नहीं होगी। अटल पथ से जेपी सेतु और सोनपुर की ओर सामान्य वाहनों की आवाजाही भी निर्धारित समय में बंद रहेगी।
पटना सिटी और गायघाट जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। कंगन घाट और चौक थाना मोड़ जाने वाले वाहन सिटी स्कूल परिसर तथा मंगल तालाब में पार्क होंगे। गायघाट के लिए धनकी मोड़, शीतला माता मंदिर और बिस्कोमान गोलंबर होकर निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचने की व्यवस्था रहेगी। चौक शिकारपुर आरओबी से पूरब मोर्चा रोड और पूरब दरवाजा जाने वाले वाहन गुरु गोविंद सिंह आरओबी के नीचे तथा पटना साहिब स्टेशन के पास पार्क होंगे। दीदारगंज जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए कटरा बाजार समिति में पार्किंग तय की गई है।
व्यावसायिक वाहनों के लिए भी वैकल्पिक रास्ते निर्धारित किए गए हैं। बाढ़ और मोकामा की तरफ से आने वाले ट्रकों को फतुहा ओवरब्रिज से यू-टर्न लेकर एनएच-30 और बिहटा-सरमेरा मार्ग से भेजा जाएगा। बिहटा से आने वाले ट्रक कन्हौली मोड़ होकर न्यू बाईपास पहुंचेंगे। गायघाट पुल के नीचे टेंपो और व्यावसायिक वाहनों का परिचालन भी प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि घाट जाने से पहले निर्धारित मार्ग और पार्किंग की जानकारी हासिल कर लें। महापर्व के दौरान अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन करें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सम्मान करें।