पटनासिटी में पुलिस का बड़ा एक्शन: 2 देसी पिस्टल और 4 खाली मैगजीन के साथ तस्कर गिरफ्तार

खाजेकलां थाना क्षेत्र के छोटी बाजार में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध हथियारों के साथ मोहम्मद अशहर रिजवान को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 2 देसी पिस्टल, 4 खाली मैगजीन और 3 मोबाइल बरामद हुए। पकड़ा गया आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।

पटनासिटी में अवैध हथियार बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश- फोटो : Reporter

पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के आदेशानुसार अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पटनासिटी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पटनासिटी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (DSP-2) राजकिशोर सिंह के नेतृत्व में खाजेकलां थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छोटी बाजार निवासी मोहम्मद अशहर रिजवान को गिरफ्तार कर लिया है।


गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी और हथियार बरामद 

डीएसपी राजकिशोर सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी मोहम्मद रिजवान अन्य जगहों से देसी कट्टा और पिस्टल लाकर अपने घर से बेचने का अवैध धंधा करता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिजवान को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के बाद उसके घर में की गई छापेमारी के दौरान दो देसी पिस्टल, चार खाली मैगजीन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।


पकड़ा गया आरोपी कुख्यात, आपराधिक इतिहास से उठा पर्दा

पुलिस छानबीन में यह बात भी सामने आई है कि पकड़ा गया आरोपी मोहम्मद अशहर रिजवान का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह इलाके में अवैध हथियारों की तस्करी और सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा रहा है। पुलिस उसके पुराने मामलों और आपराधिक संपर्कों को खंगालने में जुटी हुई है ताकि उसके पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।


फरार साथी की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी 

इस अवैध हथियार तस्करी के मामले में एक अन्य आरोपी भी शामिल है जो फिलहाल फरार चल रहा है। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। डीएसपी ने बताया कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस गिरोह के बाकी तारों को भी बेनकाब किया जाएगा।

पटनासिटी से रजनीश की रिपोर्ट