DM पटना का सख्त निर्देश: बाढ़ SDO ने होटलों पर छापेमारी, घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने वालों पर FIR
बाढ़ के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) ने विभिन्न होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सघन छापेमारी की। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य व्यावसायिक गतिविधियों में घरेलू गैस सिलेंडर के अवैध उपयोग पर अंकुश लगाना है,ताकि आम उपभोक्ताओं को गैस की किल्लत न हो
पटना के जिलाधिकारी (DM) के सख्त निर्देश पर जिले में घरेलू एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और इसके दुरुपयोग को रोकने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बाढ़ के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) ने विभिन्न होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सघन छापेमारी की। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य व्यावसायिक गतिविधियों में घरेलू गैस सिलेंडर के अवैध उपयोग पर अंकुश लगाना है, ताकि आम उपभोक्ताओं को गैस की किल्लत का सामना न करना पड़े।
होटल 'नीलम किचन' में पकड़ा गया घरेलू गैस का दुरुपयोग
जांच अभियान के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। छापेमारी के क्रम में 'नीलम किचन' नामक प्रतिष्ठान द्वारा व्यावसायिक कार्यों के लिए डोमेस्टिक (घरेलू) गैस सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा था। यह कानूनन अपराध है और सुरक्षा की दृष्टि से भी खतरनाक है। जिलाधिकारी के सख्त आदेश के बाद उक्त प्रतिष्ठान के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जमाखोरी के खिलाफ प्राथमिकी और कड़े तेवर
प्रशासन की इस कार्रवाई की जद में न केवल होटल संचालक, बल्कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वाले लोग भी आए हैं। जांच के दौरान एक व्यक्ति को अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण करने का दोषी पाया गया। गैस सिलेंडर की जमाखोरी करने के आरोप में उक्त व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध धंधे में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने का संकल्प
अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। जिलाधिकारी के नेतृत्व में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि घरेलू उपभोक्ताओं के हक की गैस उन्हें सही समय पर मिल सके। प्रशासन ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को चेतावनी दी है कि वे केवल कमर्शियल सिलेंडरों का ही उपयोग करें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।