पटना में स्कूलों के समय में बदलाव, कक्षा 5 तक की पढ़ाई पर रोक, भीषण गर्मी को देखते हुए DM का आदेश

पटना DM का यह आदेश 15 जून 2026 से 20 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को तेज धूप और अत्यधिक गर्मी से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।

Closure of School in Patna - फोटो : news4nation

Closure of School in Patna : पटना में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी सरकारी, निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को लेकर नया आदेश जारी किया है।


जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों (प्री-स्कूल सहित) में कक्षा 5 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 20 जून 2026 तक पूर्ण रूप से रोक लगा दी गई है। वहीं कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों के लिए विद्यालय संचालन की अनुमति दी गई है, लेकिन उनकी कक्षाएं सुबह 10:30 बजे तक ही संचालित की जा सकेंगी।


डीएम ने अपने आदेश में कहा है कि जिले में पड़ रही भीषण गर्मी, विशेषकर दोपहर के समय बढ़ते तापमान का बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया गया है।


जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन और आंगनबाड़ी केंद्रों को निर्देश दिया है कि वे आदेश के अनुरूप अपनी शैक्षणिक गतिविधियों और समय-सारिणी को पुनर्निर्धारित करें। आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है। यह आदेश 15 जून 2026 से 20 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को तेज धूप और अत्यधिक गर्मी से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।


पटना में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के स्पष्ट संकेत नहीं दिए हैं। ऐसे में जिला प्रशासन का यह निर्णय स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।