जमीन के लिए 'कत्ल' का खूनी खेल: फतुहा पुलिस ने दबोचे विनोद प्रसाद के हत्यारे, चचेरे मामा की साजिश का पर्दाफाश
चर्चित विनोद प्रसाद हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जमीन के लालच में भाड़े के शूटरों से कराई गई इस हत्या के दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में खेतों (खंधा) में घेराबंदी कर दबोच लिया।
Patna -: पटना पुलिस ने फतुहा थाना क्षेत्र के मकसूदपुर नयका रोड निवासी विनोद प्रसाद की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। शनिवार को ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने फतुहा थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि इस हत्याकांड के दो मुख्य नामजद अभियुक्तों—शशिकांत उर्फ तनिकन और मौसम कुमार—को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इन दोनों को उस समय दबोचा जब वे गुपचुप तरीके से गांव के खेतों (खंधा) के रास्ते भागने की फिराक में थे।
हत्याकांड की पृष्ठभूमि बेहद चौंकाने वाली है। मृतक विनोद प्रसाद फतुहा में अपने नाना द्वारा दी गई करीब डेढ़ बीघा जमीन पर घर बनाकर रह रहे थे। चूंकि उनके नाना का कोई सीधा वारिस नहीं था, इसलिए वह बेशकीमती जमीन विनोद के नाम थी। इसी जमीन पर उनके चचेरे मामा की लंबे समय से 'गिद्ध दृष्टि' थी। मृतक के पुत्र राजीव कुमार ने आरोप लगाया था कि जमीन हड़पने के लिए ही चचेरे मामा ने पेशेवर अपराधियों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
वारदात वाले दिन, यानी 8 फरवरी (रविवार) को विनोद प्रसाद हमेशा की तरह सुबह चाय पीने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे अपराधियों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी और शव को गौरी पुंदाह के पास एक पइन (नाले) में फेंक दिया। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त था और परिजनों ने पहले ही जमीन विवाद को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने अब त्वरित कार्रवाई की है।
अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी, जिसमें थानाध्यक्ष कुमार रौशन और जिला आसूचना इकाई (DIU) के तेजतर्रार अधिकारी शामिल थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी किसी काम से घर आने वाले हैं। टीम ने इलाके की घेराबंदी की और भाग रहे शशिकांत और मौसम को रंगे हाथों पकड़ लिया। इनके पास से पुलिस ने दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनसे हत्या की साजिश के तार जुड़े होने की आशंका है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। शशिकांत और मौसम पर फतुहा थाने में पहले से ही मारपीट और जानलेवा हमले के कई संगीन मामले दर्ज हैं। ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चेतावनी दी कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर इस मामले की स्पीडी ट्रायल कराई जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जमीन विवाद से जुड़े इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार दोषियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Report - Rajnish