Patna Hotel Raid: पटना के 3 बड़े होटलों पर खाद्य विभाग का छापा, तीन दिन के लिए किचन बंद, पनीर समेत कई सामान नष्ट

Patna Hotel Raid: पटना में होटल के खाने का जायका लेने वालों के लिए एक अहम खबर है। ...

पटना के 3 बड़े होटलों पर खाद्य विभाग का छापा- फोटो : IPRD

Patna Hotel Raid: पटना में होटल के खाने का जायका लेने वालों के लिए एक अहम खबर है। शहर के तीन चर्चित होटलों की रसोई में ऐसी खामियां मिली हैं कि खाद्य संरक्षा विभाग को सख्त कदम उठाना पड़ा। राजेंद्र पथ स्थित होटल एंबेसडर और होटल मगध के अलावा भट्टाचार्य रोड के होटल नंद की रसोई तीन दिनों के लिए बंद करा दी गई है। 24 नवंबर को स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने इन प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव और जरूरी दस्तावेजों में कई गड़बड़ियां सामने आईं।

जांच के दौरान तीनों होटलों से पनीर के एक-एक नमूने भी लिए गए हैं। अधिकारियों ने कुल आठ किलोग्राम पनीर समेत कई दूसरी खाद्य सामग्रियों को इस्तेमाल के लायक नहीं मानते हुए नष्ट करा दिया। होटल एंबेसडर में तीन किलो पनीर, कॉर्नफ्लोर, खाद्य रंग, मसाले, बेकिंग पाउडर और कॉफी फेंकी गई। होटल मगध में दो किलो पनीर के साथ दाल मखनी, दस किलो ग्रेवी और एक किलो चिकन नष्ट कराया गया। वहीं होटल नंद में तीन किलो पनीर, तीन लीटर दूध और तीन किलो आटा नष्ट किया गया।

निरीक्षण में होटल एंबेसडर और होटल मगध की रसोई में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक ही जगह रखी मिली। मसालों के डिब्बों पर जंग लगी थी। इतना ही नहीं, तीनों होटलों में स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पानी की जांच रिपोर्ट और कीट नियंत्रण से संबंधित जरूरी रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे।

खाद्य संरक्षा इकाई ने संबंधित होटल प्रबंधन से इन तमाम खामियों पर जवाब तलब किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर खाद्य कारोबार का लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है। फिलहाल तीन दिनों तक रसोई बंद रखकर सफाई और व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है। अब पनीर के नमूनों की जांच रिपोर्ट पर भी नजर रहेगी, जिससे खाद्य गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।