Gandhighat Ganga water: पटना में गंगा का रौद्र रूप, गांधीघाट का जलस्तर HFL से ऊपर; हाथीदह में भी बढ़ा खतरा

Gandhighat Ganga water: पटना में गंगा का जलस्तर बढ़ने का अलर्ट जारी हुआ है। गांधीघाट में HFL 50.52 मीटर से करीब 14 सेमी ऊपर और हाथीदह में HFL 43.52 मीटर पार करने की संभावना जताई गई है।

Gandhighat Ganga water: पटना में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर जल संसाधन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। गणितीय प्रतिमान केंद्र, बाढ़ प्रबंधन सुधार सहायक केंद्र की ओर से 5 सितंबर 2026 को जारी तीन दिवसीय बाढ़ पूर्वानुमान में गांधीघाट और हाथीदह गेज स्थल पर जलस्तर को लेकर चेतावनी दी गई है।


गांधीघाट में HFL से 14 सेंटीमीटर ऊपर जाने का अनुमान


विभाग के बाढ़ पूर्वानुमान मॉडल के मुताबिक पटना के गांधीघाट गेज स्थल पर गंगा का जलस्तर अपने उच्चतम बाढ़ स्तर यानी HFL 50.52 मीटर से करीब 14 सेंटीमीटर ऊपर जा सकता है। पूर्वानुमान में बताया गया है कि नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी का सिलसिला 6 सितंबर की मध्यरात्रि तक जारी रह सकता है। अगर यह अनुमान सही रहता है तो गांधीघाट पर जलस्तर करीब 50.66 मीटर तक पहुंच सकता है।


हाथीदह में भी HFL पार करने की संभावना


गांधीघाट के डाउनस्ट्रीम में स्थित हाथीदह गेज स्थल को लेकर भी विभाग ने चिंता जताई है। पूर्वानुमान के अनुसार 6 सितंबर को यहां गंगा का जलस्तर अपने उच्चतम बाढ़ स्तर यानी 43.52 मीटर को पार कर सकता है। हाथीदह में जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में प्रशासन और आम लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है।


लोगों से सतर्क रहने की अपील


जल संसाधन विभाग ने मौजूदा पूर्वानुमान को देखते हुए आवश्यक सतर्कता बरतने की सलाह दी है। नदी के आसपास रहने वाले लोगों को जलस्तर में होने वाले बदलाव पर नजर रखने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। विभाग के अनुसार यह चेतावनी 5 सितंबर को जारी तीन दिवसीय बाढ़ पूर्वानुमान मॉडल पर आधारित है। जलस्तर की स्थिति में बदलाव के साथ आगे के पूर्वानुमान भी प्रभावित हो सकते हैं।