Patna News: हड़ताल से पटना बेहाल! सड़कों पर कचरे का कब्जा, बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, नगर निकाय कर्मियों की अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार का छठा दिन
Patna News: राजधानी में सफाई व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। शहर की सड़कों, गलियों और बाजारों में कचरे के ढेर लग गए हैं। सोमवार की बारिश ने हालात को और भयावह बना दिया।
Patna News: पटना नगर निगम समेत पूरे बिहार के नगर निकाय कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल अब छठे दिन में प्रवेश कर गई है। राजधानी में सफाई व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। शहर की सड़कों, गलियों और बाजारों में कचरे के ढेर लग गए हैं। सोमवार की बारिश ने हालात को और भयावह बना दिया। जगह-जगह फैला सड़ा हुआ कचरा बदबू फैला रहा है, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
बिगड़ते हालात के बीच पटना नगर निगम ने आउटसोर्सिंग एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 21.95 करोड़ रुपये का आर्थिक दंड ठोक दिया है। निगम का आरोप है कि हड़ताल के दौरान एजेंसियों ने पर्याप्त सफाईकर्मी और ड्राइवर उपलब्ध नहीं कराए, जिससे सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। इसे अनुबंध का उल्लंघन मानते हुए संबंधित एजेंसियों को लगातार दूसरे दिन शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। साथ ही अतिरिक्त आर्थिक दंड भी लगाया गया है।
हालात पर काबू पाने के लिए निगम ने सोमवार को करीब 100 वाहनों को मैदान में उतारा। निगम के अनुसार, डोर-टू-डोर अभियान चलाकर प्रतिदिन औसतन 300 टन कचरे का उठाव किया जा रहा है। इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में गंदगी का अंबार बना हुआ है और लोग बदबू व संक्रमण के खतरे से जूझ रहे हैं।
नूतन राजधानी अंचल में 23 डोर-टू-डोर वाहनों के जरिए जगदेव पथ, जयप्रकाश नगर, एसके पुरी, सचिवालय क्षेत्र, स्टेशन रोड, गर्दनीबाग समेत कई इलाकों से कचरा उठाया गया। वहीं मतगणना के मद्देनजर एएन कॉलेज परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए दो विशेष ओपन मैजिक वाहनों की तैनाती की गई।हड़ताल और बारिश की दोहरी मार ने राजधानी की सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो कचरे का यह संकट जनस्वास्थ्य के लिए बड़ी आफत साबित हो सकता है।