जर्जर बिजली तारों पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन, 24 घंटे में तार बदलने के आश्वासन पर खत्म हुआ बवाल

Bihar News: वर्षों से बदहाल बिजली व्यवस्था और बार-बार तारों में आग लगने की घटनाओं से नाराज लोगों ने गोविंदपुर-फतेहपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।...

Villagers Block Road Over Damaged Power Lines in Nawada
जर्जर बिजली तारों पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा- फोटो : reporter

Bihar News: नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड के बिशनपुर गांव में जर्जर बिजली तारों से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर फूट पड़ा। वर्षों से बदहाल बिजली व्यवस्था और बार-बार तारों में आग लगने की घटनाओं से नाराज लोगों ने गोविंदपुर-फतेहपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। हालांकि, मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए ग्रामीणों ने एम्बुलेंस को बिना किसी बाधा के रास्ता दे दिया।

ग्रामीणों का आरोप था कि पिछले 15 दिनों से वे बिजली विभाग से जले और जर्जर तारों को बदलने की मांग कर रहे थे। विभाग ने कुछ हिस्सों में तार तो बदल दिए, लेकिन तीन बिजली खंभों पर लगे क्षतिग्रस्त तारों को जस का तस छोड़ दिया। इसके कारण बार-बार शॉर्ट सर्किट और आग लगने की घटनाएं हो रही थीं। लगातार बिजली बाधित रहने से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा था और बच्चों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही थी।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना के पीएसआई सद्दाम हुसैन और एएसआई रामबली प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया।

मौके पर पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को 24 घंटे के भीतर शेष तीन खंभों के जर्जर तार बदलने का भरोसा दिलाया। बिजली विभाग के कनीय अभियंता भरत कुमार ने भी पुष्टि की कि तार बदलने का काम जारी है और बचा हुआ कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा, ताकि गांव में निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल हो सके। प्रशासन और बिजली विभाग के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर सड़क जाम हटा लिया। फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें विभाग के वादे पर टिकी हैं कि 24 घंटे के भीतर समस्या का स्थायी समाधान होगा।

रिपोर्ट- अमन कुमार