20 साल की मन्नतों के बाद जन्मा था इकलौता चिराग,पटना में पुलिस स्टिकर लगी बाइक ने ली 8 साल के उत्कर्ष की जान
पटना के गर्दनीबाग की पंजाबी कॉलोनी में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 8 वर्षीय मासूम उत्कर्ष की मौत हो गई। हादसे के वक्त बच्चा साइकिल चला रहा था। पुलिस स्टिकर लगी बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत पंजाबी कॉलोनी में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के पास गली में साइकिल चला रहे दूसरी कक्षा के छात्र उत्कर्ष कुमार (8 वर्ष) को तेज रफ्तार 'लहरिया कट' बाइक सवार युवकों ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घसीटता चला गया और गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया। उत्कर्ष रघुनाथ टोला स्थित स्प्रिंडल पब्लिक स्कूल का छात्र था।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम, दो आरोपी गिरफ्तार
हादसे के बाद बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। स्थानीय लोगों और बाइक सवारों की मदद से घायल उत्कर्ष को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से नाजुक हालत को देखते हुए उसे IGIMS रेफर कर दिया गया। हालांकि, अस्पताल पहुँचने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद एक युवक मौके से फरार हो गया, जबकि स्थानीय लोगों ने दो बाइक सवारों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस स्टिकर लगी बाइक जब्त, जहानाबाद का रहने वाला है आरोपी
जिस बाइक से यह हादसा हुआ, उस पर पुलिस का स्टिकर लगा हुआ था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक की पहचान विशाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जहानाबाद जिले के नेवारी मखदुमपुर का रहने वाला है और वर्तमान में न्यू अलकापुरी रोड नंबर नौ में रहता है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और मौके से फरार तीसरे युवक की तलाश में छापेमारी कर रही है।
20 साल की मन्नतों के बाद जन्मा था इकलौता चिराग
उत्कर्ष के पिता सनोज कुमार चितकोहरा बाजार में दुकान चलाते हैं। पिता ने रोते हुए बताया कि विवाह के करीब 20 साल बाद काफी मन्नतों और पूजा-पाठ के बाद उत्कर्ष का जन्म हुआ था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और घर का चिराग था। मासूम की इस असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरी पंजाबी कॉलोनी में शोक की लहर दौड़ गई।
पटना से रंजीत की रिपोर्ट