Patna Remand Home Viral Video: गायघाट बाल सुधार गृह का खौफनाक चेहरा! बेदर्दी से पीटे जा रहे बच्चे,जानिए सच

पटना सिटी के गायघाट स्थित बाल सुधार गृह (रिमांड होम) का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि सुधार गृह के अंदर छोटे-छोटे मासूम बच्चों के साथ निर्दयता से मारपीट की जा रही है।

राजधानी पटना के गायघाट स्थित बाल सुधार गृह (रिमांड होम) का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इस वीडियो के सामने आते ही प्रशासनिक महकमे और आम लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। वीडियो में सुधार गृह के भीतर की अव्यवस्था और बच्चों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार की गंभीर झलक देखने को मिल रही है। वायरल वीडियों कि पुष्टि न्यूज़4नेशन नही करता है। 


मासूम बच्चों के साथ बर्बरता और मारपीट का आरोप

वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि बाल सुधार गृह के अंदर छोटे बच्चों के साथ मारपीट की जा रही है। सुरक्षा और सुधार के नाम पर रखे गए इन मासूमों को जिस तरह से पीटा जा रहा है, वह मानवाधिकारों और बाल संरक्षण कानूनों का खुला उल्लंघन दर्शाता है। घटना की भयावहता को देखकर लोग दोषियों पर तुरंत कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


सुरक्षा व्यवस्था और देखरेख पर उठे गंभीर सवाल

बाल सुधार गृहों का उद्देश्य विधि का उल्लंघन करने वाले या देखरेख की आवश्यकता वाले बच्चों को सुरक्षित माहौल देना और उनका पुनर्वास करना होता है। लेकिन गायघाट स्थित इस केंद्र से आई तस्वीरों ने यहां की सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की मानसिकता और बच्चों की देखरेख के दावों की कलई खोलकर रख दी है। साथ ही जब वायरल वीडियों का लिंक तलाशने कि कोशिश कि गई तो पता चला कि यह वीडियो एक इन्स्टाग्राम आईडी से किया गया है। 


संज्ञान में मामला आते ही जांच और कार्रवाई की तैयारी

सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित बाल संरक्षण विभाग हरकत में आ गया है। मामले की सत्यता की जांच के लिए वीडियो के फुटेज की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी व प्रशासनिक कदम उठाए जाएंगे।