Patna High Court: भ्रष्टाचार मामले में पूर्व अंचलाधिकारी को हाईकोर्ट से झटका, अब चलेगा मुकदमा

Patna High Court: पटना हाईकोर्ट ने भ्रष्टाचार के एक पुराने मामले में मुजफ्फरपुर जिले के सरैया प्रखंड के तत्कालीन अंचलाधिकारी नारायण प्रसाद को बड़ा झटका दिया है।...

भ्रष्टाचार मामले में पूर्व अंचलाधिकारी को हाईकोर्ट से झटका- फोटो : X

Patna High Court: पटना हाईकोर्ट ने भ्रष्टाचार के एक पुराने मामले में मुजफ्फरपुर जिले के सरैया प्रखंड के तत्कालीन अंचलाधिकारी नारायण प्रसाद को बड़ा झटका दिया है। अदालत ने उनके खिलाफ दर्ज भ्रष्टाचार मामले को निरस्त करने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। इस फैसले के बाद पूर्व अंचलाधिकारी को अब निचली अदालत में मुकदमे का सामना करना पड़ेगा। जस्टिस चंद्र शेखर झा की एकलपीठ ने मामले की सुनवाई के बाद स्पष्ट किया कि आरोपों की सच्चाई का फैसला ट्रायल के दौरान ही किया जा सकता है।

यह मामला निगरानी थाना कांड संख्या 84/2010 से जुड़ा है। आरोप है कि नारायण प्रसाद ने हल्का कर्मचारी की रिपोर्ट के आधार पर गलत दखल-कब्जा प्रमाण पत्र जारी किया था। इसके जरिए रवीन्द्र प्रसाद सिंह को कृषि ऋण दिलाया गया, जिससे शिकायतकर्ता शैलेंद्र कुमार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। जांच के बाद इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोपपत्र दाखिल किया गया था।

याचिकाकर्ता की ओर से अदालत में दलील दी गई कि तत्कालीन अंचलाधिकारी ने केवल हल्का कर्मचारी की रिपोर्ट को आगे बढ़ाया था। इसके अलावा संबंधित ऋण ब्याज सहित वापस कर दिया गया है। बचाव पक्ष ने यह भी बताया कि नारायण प्रसाद वर्ष 2013 में सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।

हालांकि, अदालत ने इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया। पीठ ने कहा कि दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 482 के तहत किसी मामले का मिनी ट्रायल नहीं किया जा सकता। रिपोर्ट सही थी या गलत, इसका निर्धारण साक्ष्यों के आधार पर ट्रायल में होगा। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि ऋण लौटाने से कथित अपराध समाप्त नहीं हो जाता।

अदालत के मुताबिक, 2013 में सेवानिवृत्ति और 2015 में संज्ञान लिए जाने के कारण अभियोजन स्वीकृति की जरूरत नहीं थी। पद का इस्तेमाल अवैध लाभ के लिए करने पर धारा 197 का संरक्षण भी नहीं मिलेगा। याचिका खारिज करते हुए ट्रायल कोर्ट को कानूनी प्रक्रिया जारी रखने का निर्देश दिया गया।