Bihar News: सड़क हादसे में पटना हाई कोर्ट के अधिवक्ता के बेटे और बहू की मौत, सोमवार को न्यायालय कार्य स्थगित

Bihar News:पटना हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अजय ठाकुर के पुत्र ऋतिक ठाकुर और पुत्रवधू वैष्णवी सिंह की सड़क हादसे में मौत के बाद सोमवार को न्यायालय का कार्य स्थगित कर दिया गया।

न्यायालय का कार्य स्थगित - फोटो : social media

Bihar News: पटना हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अजय ठाकुर के पुत्र ऋतिक ठाकुर और पुत्रवधू वैष्णवी सिंह की सड़क हादसे में मौत के बाद सोमवार को न्यायालय का कार्य स्थगित कर दिया गया। इस दुखद घटना के बाद न्यायिक समुदाय में शोक का माहौल है। मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड स्थित उनके पैतृक गांव जसो में भी घटना को लेकर शोक की लहर है। वैष्णवी सिंह (32) पटना हाई कोर्ट में अधिवक्ता थीं और वह भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन की दूर की रिश्तेदार बताई जाती हैं।

न्यायालय का कार्य स्थगित  

बताया जाता है कि अजय ठाकुर के पिता दिवंगत राम नरेश ठाकुर जज रह चुके थे। हादसे के बाद पति-पत्नी का शव जब पटना स्थित उनके आवास पर पहुंचा तो संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। बाद में दोनों का अंतिम संस्कार गंगा घाट पर किया गया। परिजनों के अनुसार, हादसे में वैष्णवी सिंह की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि ऋतिक ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में इलाज के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई।

डेढ़ घंटे बाद अस्पताल पहुंचाने का आरोप

स्वजन जितेंद्र ठाकुर ने बताया कि हादसे के बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने अमानवीय हरकत करते हुए गाड़ी में रखे सामान को लूट लिया। घटना के करीब एक से डेढ़ घंटे बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस घटना से परिवार के साथ-साथ अधिवक्ताओं और परिचितों में गहरा शोक व्याप्त है। 

पटना से अनिल की रिपोर्ट