पटना हाईकोर्ट अधिवक्ता संघ के विभिन्न पदों का चुनाव संपन्न, कल 18 अप्रैल को आएगा परिणाम

Patna : पटना हाईकोर्ट के सबसे बड़े अधिवक्ता संघ के विभिन्न पदों के लिए आज 17अप्रैल, 2026 को मतदान शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हो गया। इसमें 5262 अधिवक्ता मतदाताओं में लगभग 62 प्रतिशत अधिवक्तागण ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस चुनाव में एक अध्यक्ष,एक महासचिव, तीन उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव,सह सचिव समेत अन्य पदों के उम्मीदवारों  को चुनने के लिए मतदान हुआ। 


पटना हाई कोर्ट प्रशासन ने हाई कोर्ट परिसर में एडवोकेट एसोसिएशन का चुनाव कराने की अनुमति शर्तो के साथ दी थी। जिसमें लाउडस्पीकर का इस्तेमाल नहीं किया और  हाईकोर्ट का काम काज बाधित नहीं किये जाने की शर्त थी।


पटना हाई कोर्ट के एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव में 9 पदों पर 109 उम्मीदवारों के भाग्य अब मतपेटियों बंद हो चुके है।  सबसे ज्यादा 24 उम्मीदवार उपाध्यक्ष के तीन पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल कर चुनाव लड़े। वही संयुक्त सचिव के तीन पदों के लिए 15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है।जबकि सहायक सचिव के तीन पदों के लिए 12 उम्मीदवार  खड़े हैं। 


आज  एडवोकेट एसोसिएशन के मतदाताओं  ने मतपत्रों पर अपने पसंदीदा उम्मीदवार के नाम के सामने क्रॉस का निशान लगा कर मतदान किया।एडवोकेट एसोसिएशन में मतदाताओं की संख्या 5262 है। क्रॉस के बजाये दूसरा चिन्ह लगाये जाने पर मतपत्र को रद्द माना जायेगा। 


इस चुनाव के निर्वाची पदाधिकारी वरीय अधिवक्ता अंजनी कुमार ने चुनाव को ले कर ये नियम स्पष्ट कर दिया। उन्होंने बताया कि एडवोकेट एसोसिएशन के मतदातागण चुनाव आज 17 अप्रैल,2026 को  सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अधिवक्ता मतदाता अपने मत डाल सकेंगे। मतदान के बाद सभी पदों के उम्मीदवारों के मौजूदगी में मत पेटी को सील कर सुरक्षित स्थान पर रखा जायेगा। कल 18 अप्रैल,2026 को सुबह 9 बजे से मतों की गिनती का काम शुरू किया जायेगा। जैसे ही गिनती का कार्य पूरा होगा, परिणाम घोषित कर दिये जाएंगे।