पटना में सुरक्षित राजधानी के दावों की खुली पोल: मंदिर के पास युवक को मारी गोली, 48 घंटे बाद भी बेखबर पुलिस
पटना में पुलिस पेट्रोलिंग और गश्त के बड़े-बड़े दावों की हकीकत एक बार फिर सामने आई है। दबंग दिव्यांशु ने सन्नी नामक युवक को सरेआम गोली मार दी और हथियार लहराते हुए दबंगई दिखाता रहा।48 घंटे बाद भी स्थानीय पुलिस को इस वारदात की भनक नहीं
पटना पुलिस द्वारा 'सुरक्षित राजधानी' और सघन गश्त (पेट्रोलिंग) के किए जा रहे तमाम दावों की हकीकत एक बार फिर कटघरे में है। वरीय अधिकारियों द्वारा थानों को लगातार और मुस्तैदी से पेट्रोलिंग करने के सख्त निर्देश दिए जाते रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका असर नजर नहीं आ रहा। देर रात सरेआम हुई गोलीबारी की वारदात और उसके बाद पुलिस की अकर्मण्यता ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
मंदिर के पास वारदात, गोली चलाकर बेखौफ हथियार लहराता रहा अपराधी
घटना बीते रविवार देर रात लगभग 11:30 बजे की है, जब जोगीपुर मंदिर के समीप दिव्यांशु नामक युवक ने सरेआम दूसरे युवक (सन्नी) जो कंकड़बगीचा गेट नंबर 15 का रहने वाला बताया जा रहा है को गोली मार दी। जांघ में गोली लगने के बाद जख्मी सन्नी किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागा। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दिव्यांशु मौके पर ही बेखौफ होकर हथियार लहराते हुए अपनी दबंगई झाड़ता रहा, लेकिन गश्त का दावा करने वाली पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।
निजी अस्पताल में इलाज कराकर घर लौटा पीड़ित, पुलिस बेखबर
हद तो तब हो गई जब गोलीबारी जैसी गंभीर घटना के बाद घायल सन्नी ने एक निजी अस्पताल में जाकर अपनी जांघ से गोली निकलवाई और इलाज कराकर घर भी लौट आया। घटना के 48 घंटे से अधिक बीत जाने के बावजूद स्थानीय पुलिस को इस पूरे मामले की कोई खबर नहीं थी या फिर पूरे घटनाक्रम को नजरअंदाज किया जाता रहा, जो पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
इलाके में बेखौफ घूम रहा आरोपी, दहशत में स्थानीय लोग
घटना के बाद से ही गोली चलाने वाला आरोपी दिव्यांशु इलाके में खुलेआम घूमकर अपने वर्चस्व का प्रदर्शन कर रहा है। पुलिस की निष्क्रियता और भनक न लगने के रवैये से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। सवाल यह उठ रहा है कि जब सरेआम गोलीबारी और दबंगई के बाद भी अपराधी बेखौफ घूमते रहेंगे, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का भरोसा कैसे कायम रहेगा?