Bihar Politics:पटना में सियासी भूचाल! नीतीश का राज्यसभा कूच तय?मुख्यमंत्री के नाम पर कटा है एनआर, नितिन नवीन के साथ भरेगे पर्चा! अमित शाह रहेंगे मौजूद

Bihar Politics: दिलचस्प बात यह है कि मुख्यमंत्री के नाम पर एनआर कटवाया गया है और निशांत कुमार के नाम पर भी एनआर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।...

मुख्यमंत्री के नाम पर कटा है एनआर- फोटो : social Media

Bihar Politics:बिहार की राजनीति एक निर्णायक मोड़ पर खड़ी है। संकेत साफ हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इसके साथ ही राज्य में सत्ता परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई हैं और भाजपा के मुख्यमंत्री बनने की चर्चा सियासी गलियारों में गूंजने लगी है।

सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के बैनर तले नीतीश कुमार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस मौके को और अहम बनाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सुबह 9:40 की फ्लाइट से पटना पहुंचेंगे। उनकी मौजूदगी इस सियासी घटनाक्रम को राष्ट्रीय आयाम दे रही है।

खबर यह भी है कि सुबह 11 बजे नीतीश कुमार विधानसभा पहुंच सकते हैं, जहां उनके साथ निशांत कुमार की मौजूदगी को लेकर भी चर्चाएं गर्म हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि मुख्यमंत्री के नाम पर एनआर कटवाया गया है और निशांत कुमार के नाम पर भी एनआर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि राजनीतिक पटकथा पहले से तैयार है।

सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री के इस्तीफे के पीछे उनका बिगड़ता स्वास्थ्य एक कारण हो सकता है। वहीं यह भी चर्चा है कि जदयू प्रमुख अपने बेटे के लिए उपमुख्यमंत्री पद की शर्त पर भाजपा को सत्ता सौंपने पर राजी हुए हैं। हालांकि जदयू के वरिष्ठ नेता और संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने इतना ही कहा है कि “बातचीत चल रही है, अंतिम फैसला मुख्यमंत्री ही लेंगे।”

राज्यसभा के नामांकन की समयसीमा खत्म होने से ठीक पहले आया यह बयान सियासी रहस्य को और गहरा कर गया है। उधर, जदयू कार्यालय में बड़े भोज की तैयारी भी चल रही है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि कोई बड़ा ऐलान आसन्न है। अब सबकी निगाहें पटना पर टिकी हैं क्या यह एक युग का अंत और नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत है? 

रिपोर्ट- रंजीत कुमार