Bihar Crime: मोकामा में CRPF और ग्रामीणों में हिंसक झड़प, महिलाओं के साथ मारपीट के आरोप से सुलगा इलाका

Bihar Crime: मोकामा में सीआरपीएफ जवानों और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई। ....

Mokama Clash CRPF Villagers Face Off Over Abuse Claims
कामा में CRPF और ग्रामीणों में हिंसक झड़प- फोटो : social Media

Bihar Crime: मोकामा में सीआरपीएफ जवानों और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस टकराव ने पूरे इलाके में तनाव की चिंगारी भड़का दी है। कई ग्रामीण गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। घटना बुधवार देर शाम मोकामा घाट के औंटा गांवकी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के युवक शांतिपूर्वक होली का जश्न मना रहे थे, तभी करीब 100 सीआरपीएफ जवान वहां पहुंच गए। किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते माहौल गरमा गया। आरोप है कि जवानों ने युवकों की पिटाई शुरू कर दी। विरोध करने पर बल प्रयोग और तेज कर दिया गया। कई युवकों के सिर फूट गए, तो कुछ के हाथ टूटने की बात कही जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही 20-25 महिलाएं सीआरपीएफ कैंप के गेट पर पहुंचीं और डीआईजी से मिलने की मांग की। उनका कहना था कि दोषी जवानों के खिलाफ कार्रवाई हो। लेकिन आरोप है कि कैंप पर तैनात जवानों ने उन्हें अंदर जाने से रोका और विरोध करने पर धक्का-मुक्की व मारपीट की। इससे हालात और संगीन हो गए।

ग्रामीणों का दावा है कि महिलाओं के साथ कथित बदसलूकी के बाद जवानों की एक टीम दोबारा गांव में दाखिल हुई और घरों में घुसकर लोगों पर हमला किया। मंजू देवी, शर्मिला देवी, नीतीश कुमार और लवली कुमारी समेत कई लोग जख्मी बताए जा रहे हैं।

इलाके में खौफ और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि कंट्रोल रूम से संपर्क की कोशिश के बावजूद उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।फिलहाल प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। लेकिन औंटा गांव में पसरा सन्नाटा इस बात की गवाही दे रहा है कि होली की खुशियां अब तनाव और आशंका में बदल चुकी हैं