Patna Kidnapping: पटना जंक्शन से किडनैप का खौफनाक खेल! CCTV में युवक को घसीटकर ले जाते दिखे 8 बदमाश, बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों कर रहे उग्र प्रदर्शन, देखिए तस्वीरें

Patna Kidnapping: राजधानी पटना में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस ने एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ...

पटना जंक्शन से किडनैप पर लोगों का उग्र प्रदर्शन- फोटो : reporter

Patna Kidnapping:राजधानी पटना में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस ने एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पटना जंक्शन के न्यू करबिगहिया इलाके से 33 वर्षीय बंटी के कथित अपहरण ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।  पटना के न्यू करबिगहिया जंक्शन इलाके में एक दुकान से मंगलवार को एक युवक के कथित अपहरण के बाद इलाके में तनाव फैल गया। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने युवक की जल्द बरामदगी की मांग को लेकर करबिगहिया जंक्शन के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं।

 प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर आरोप लगाया कि घटना के बाद भी अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। सड़क जाम के कारण यातायात प्रभावित है। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच कर युवक की जल्द बरामदगी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें 7 से 8 लोग युवक के साथ मारपीट करते हुए उसे जबरन उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद अपहरण की आशंका और गहरा गई है, जबकि कई घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।


लापता बंटी न्यू करबिगहिया कब्रिस्तान गली का रहने वाला है। परिजनों के मुताबिक सोमवार रात करीब 11:30 बजे वह अपने परिवार के कुछ सदस्यों को पटना जंक्शन छोड़ने गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने फोन किया तो उसने ट्रेन लेट होने की बात कहकर कॉल काट दिया। इसके बाद तड़के दोबारा कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। परिवार ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर मंगलवार शाम कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

इसी बीच पटना जंक्शन के दूध मार्केट के पास एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सामने आई। फुटेज में देर रात करीब एक बजे कुछ लोग बंटी के साथ धक्का-मुक्की, मारपीट और जबरन उसे अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो ने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है और पुलिस अब इसे अपहरण के एंगल से भी खंगाल रही है।

बंटी की बरामदगी नहीं होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों का सब्र टूट गया। उन्होंने करबिगहिया जंक्शन के पास सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया और बाद में कोतवाली थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि घटना के 17 घंटे बाद भी पुलिस खाली हाथ है। उनका कहना था कि अगर शुरुआती दौर में फौरन कार्रवाई होती तो शायद बंटी का सुराग मिल जाता।परिजनों ने यह भी दावा किया है कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे लोगों में एक शख्स की पहचान रोहित के रूप में हुई है। इसी आधार पर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके संपर्कों की भी तफ्तीश की जा रही है।

कोतवाली थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम गठित की गई है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि युवक को जल्द सकुशल बरामद कर लिया जाएगा और इस वारदात में शामिल सभी मुल्जिमों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाएगा।फिलहाल यह सनसनीखेज मामला राजधानी की कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। अब सबकी निगाहें पुलिस की तफ्तीश पर टिकी हैं कि बंटी सकुशल वापस लौटता है या इस रहस्यमयी वारदात के पीछे कोई और गहरी साजिश छिपी है।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार