Patna Junction Triangular Park: बदलेगी पटना जंक्शन इलाके की तस्वीर! शुरू हो गया ये जरूरी काम

Patna Junction Triangular Park: पटना जंक्शन गोलंबर के पास त्रिभुजाकार ग्रीन पार्क का निर्माण शुरू। अतिक्रमण हटाकर सुंदर और स्वच्छ सार्वजनिक स्थल तैयार होगा, यातायात में भी सुधार की उम्मीद।

पटना जंक्शन क्षेत्र में होगा बदलाव!- फोटो : social media

Patna News: बिहार की राजधानी पटना का सबसे व्यस्त इलाका माने जाने वाला पटना जंक्शन अब अपनी पुरानी भीड़भाड़ वाली छवि से बाहर निकलने जा रहा है। जंक्शन गोलंबर के पास एक सुंदर त्रिभुजाकार पार्क (Triangular Park) का निर्माण शुरू हो गया है। यह पार्क शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ यात्रियों को आराम का स्थान भी देगा।

अतिक्रमण हटाकर बन रहा ग्रीन पार्क

डाकबंगला की ओर से स्टेशन आने वाली सड़क के कोने पर, पाल होटल के सामने यह पार्क बनाया जा रहा है। पहले यहां ऑटो चालकों, ठेला दुकानों और अवैध कब्जों की भरमार थी। अक्सर इस कारण जाम और गंदगी की समस्या रहती थी। अब प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को खाली कर घेराबंदी शुरू कर दी है। योजना के तहत यहां हरियाली विकसित की जाएगी और बैठने की व्यवस्था भी की जा सकती है।

बेहतर रोशनी और साफ-सफाई

पार्क में अच्छी लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी ताकि रात में भी यह इलाका सुरक्षित और आकर्षक दिखे। इससे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों पर शहर की अच्छी छवि बनेगी।अतिक्रमण हटने से सड़क किनारे अव्यवस्था कम होगी और यातायात भी सुचारु रहेगा। पहले यहां अवैध पार्किंग और दुकानों के कारण अक्सर जाम लगता था।

जल्द होगा तैयार

अंचल के अधिकारियों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया है और एजेंसी को तय समय में काम पूरा करने का निर्देश दिया है। प्रशासन का लक्ष्य अगले दो से तीन सप्ताह में पार्क तैयार करना है।यदि काम समय पर पूरा होता है तो जल्द ही पटना जंक्शन क्षेत्र को एक साफ, सुंदर और व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल मिलेगा, जो शहर की पहचान को नई दिशा देगा।