रिश्तों का कत्ल! 21 फरवरी को होनी थी शादी, पर अब पुलिस ढूंढ रही है दूल्हे को

पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में एक शादी की खुशियाँ उस वक्त मातम और चिंता में बदल गईं, जब तिलक समारोह से महज एक दिन पहले दूल्हा रहस्यमयी परिस्थितियों में फरार हो गया।

रिश्तों का कत्ल! 21 फरवरी को होनी थी शादी, पर अब पुलिस ढूंढ रही है दूल्हे को- फोटो : news 4 nation

पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में एक शादी की खुशियाँ उस वक्त मातम और चिंता में बदल गईं, जब तिलक समारोह से महज एक दिन पहले दूल्हा रहस्यमयी परिस्थितियों में फरार हो गया। गोरैयास्थान की एक युवती की शादी लोदीपुर के युवक से तय हुई थी, जिसका तिलक 16 फरवरी को और निकाह/शादी 21 फरवरी को होनी थी। दूल्हे के अचानक गायब होने की खबर मिलते ही लड़की पक्ष के होश उड़ गए हैं। घर में शादी की पूरी तैयारियां हो चुकी थीं और रिश्तेदारों को कार्ड भी बांटे जा चुके थे।

दहेज के 45 लाख और गंभीर आरोप

पीड़ित लड़की के पिता ने इस मामले में लड़के और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में पिता ने बताया कि दूल्हा पक्ष ₹45 लाख की मांग कर रहा था। आरोप है कि ₹20 लाख और अतिरिक्त दहेज देने में असमर्थता जताने पर साजिश के तहत दूल्हे को भगा दिया गया। लड़की के पिता के अनुसार, पिछले साल 27 जुलाई को दानापुर के एक रिसॉर्ट में धूमधाम से सगाई हुई थी, लेकिन अब दूल्हे के इस कदम से परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा दांव पर लग गई है और लड़की गहरे मानसिक तनाव में है।

लड़के के परिवार की सफाई

दूसरी ओर, फरार दूल्हे की मां और भाई ने दहेज के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि वे खुद भी लड़के के इस तरह भाग जाने से हैरान और परेशान हैं। लड़के के परिजनों का दावा है कि उन्होंने भी अपनी तरफ से शादी की पूरी तैयारी कर ली थी—टेंट, डेकोरेशन और हलवाई तक का इंतजाम हो चुका था और निमंत्रण कार्ड भी बांटे जा चुके थे। परिवार का कहना है कि उन्हें भी समझ नहीं आ रहा कि आखिर लड़का घर छोड़कर क्यों भागा।

पुलिसिया कार्रवाई और जांच जारी

इस मामले को लेकर मनेर थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। थानाध्यक्ष रजनीश के अनुसार, लड़की के पिता के आवेदन पर दूल्हे, उसके भाई-बहन और मां समेत कुल पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। आरोपी युवक गोपालगंज में पशुपालन विभाग में अनुकंपा के आधार पर कार्यरत है। पुलिस अब फरार दूल्हे की तलाश में जुट गई है और मामले की सच्चाई जानने के लिए तकनीकी जांच का सहारा ले रही है।