गलगोटिया यूनिवर्सिटी की 'बड़ी चूक' पर बिफरे चिराग पासवान; शराब बंदी की मांग पर कहा- 'खाने-पीने में दखल बर्दाश्त नहीं

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एआई समिट में चाइनीज रोबोट को भारतीय बताने पर गलगोटिया यूनिवर्सिटी को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने इसे देश की साख से जुड़ी 'बड़ी चूक' करार दिया। इस दौरान उन्होंने रमजान में शराब दुकानों को बंद रखने पर भी जवाब दिया।

गलगोटिया यूनिवर्सिटी की 'बड़ी चूक' पर बिफरे चिराग पासवान; शरा

Patna - : केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने हाल ही में संपन्न हुए 'एआई समिट' (AI Summit) में गलगोटिया यूनिवर्सिटी द्वारा प्रदर्शित किए गए रोबोट को लेकर कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने इस घटना को देश की छवि के लिए घातक बताया है। इसके साथ ही उन्होंने त्योहारों पर दुकानों की बंदी और नीट (NEET) छात्रा के मामले पर भी अपनी बेबाक राय रखी। 

"दूसरे देश की तकनीक को अपना बताना गलत"

गलगोटिया यूनिवर्सिटी द्वारा कथित तौर पर चीन निर्मित रोबोट को भारत का बताकर एआई समिट में पेश किए जाने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि यह एक "बड़ी चूक" है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, "किसी विश्वविद्यालय द्वारा इस तरह गलत चीज को प्रदर्शित करना और उसकी ओनरशिप लेना सरासर गलत है"। चिराग के अनुसार, समिट के दौरान कुछ लोगों ने तथ्यों को घुमाने की कोशिश की, लेकिन किसी दूसरे देश की तकनीक को स्वदेशी बताकर पेश करना गंभीर चिंता का विषय है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि धूमिल हो सकती है। उन्होंने भरोसा जताया कि समिट के बाद सरकार इस मामले में सख्त कार्रवाई पर विचार करेगी। 

धार्मिक आधार पर 'बंदी' के पक्ष में नहीं

दिल्ली में रमजान के दौरान शराब की दुकानें बंद रखने की मुस्लिम संगठनों की मांग पर चिराग पासवान ने व्यक्तिगत स्वतंत्रता का हवाला दिया। खाद्य प्रसंस्करण मंत्री के रूप में अपनी भूमिका का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा "खाने-पीने की चीजों में व्यक्तिगत चयन और स्वतंत्रता सर्वोपरि है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करना सरकार का काम है, लेकिन त्योहारों के नाम पर जबरन बंदी हमारी पार्टी की विचारधारा नहीं है"। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे हिंदू समुदाय का त्योहार हो या मुस्लिम समुदाय का, ऐसे मुद्दों का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। 

नीट छात्रा की सुरक्षा को लेकर चिंता

नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा की मौत और उसके परिजनों को मिल रही धमकियों पर भी चिराग पासवान ने सरकार से हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को डराया जा रहा है, तो सरकार को उनकी पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि उन्हें न्याय मिल सके। गौरतलब है कि चिराग पासवान पूर्व में भी नीट पेपर लीक और अन्य गड़बड़ियों को लेकर सरकार के रुख का समर्थन करते हुए दोषियों को सजा दिलाने की बात कह चुके हैं।

रिपोर्ट - रंजीत कुमार